Solar Panel New Rule 2026: घर पर सोलर पैनल लगाने से पहले पढ़ लें ये खबर! 1 जून से लागू होगा नया नियम
Solar Panel New Rule 2026: 1 जून से सोलर पैनल और सोलर सेल पर लागू होंगे नए नियम, जानें बढ़ेगी लागत या जारी रहेगी सब्सिडी
Solar Panel New Rule 2026 India
Solar Panel New Rule 2026: सरकार द्वारा सोलर पैनल के जबरदस्त प्रचार के बाद लोगों ने सोलर पैनल विकल्प की ओर अपना रुझान दिखाना शुरू किया ही था कि अब एक झटका देने वाली खबर ने उनको चौका दिया है। अगर आप भी घर का बजट बिगाड़ते बिजली बिल से राहत पाने के लिए इस साल अपने घर की छत पर सोलर पैनल लगवाकर बिजली बिल से छुटकारा पाने की तैयारी कर रहे हैं, तो आपके लिए एक जरूरी अपडेट सामने आया है। केंद्र सरकार 1 जून 2026 से सोलर सेक्टर में नया नियम लागू करने जा रही है, जिसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ेगा। अब तक लोग सिर्फ सोलर पैनल की कीमत और सब्सिडी देखकर सिस्टम लगवा लेते थे, लेकिन नए नियम के बाद सोलर सिस्टम खरीदना थोड़ा महंगा हो जाएगा। हालांकि सरकार का दावा है कि इससे लोगों को बेहतर गुणवत्ता, ज्यादा सुरक्षित और लंबे समय तक चलने वाला सोलर सिस्टम मिलेगा। दरअसल, सरकार अब सोलर पैनल के साथ उसमें इस्तेमाल होने वाले सोलर सेल पर भी सख्ती करने जा रही है। इसका मकसद घटिया गुणवत्ता वाले विदेशी उत्पादों पर रोक लगाना और भारत में बने सोलर उपकरणों को बढ़ावा देना है।
क्या है 1 जून से लागू होने वाला नया नियम?
सोलर यूजर्स के लिए इस नए बदलाव के साथ सरकार ने सोलर उद्योग के लिए एएलएमएम यानी अनुमोदित मॉडल और निर्माता सूची व्यवस्था को और सख्त करने का फैसला लिया है। अभी तक केवल सोलर पैनल का एएलएमएम सूची-1 में शामिल होना जरूरी था, लेकिन अब पैनल के अंदर इस्तेमाल होने वाले सोलर सेल भी सरकार की सूची-2 में शामिल होने चाहिए।
सरकार का कहना है कि इससे बाजार में सिर्फ प्रमाणित और भरोसेमंद सोलर उत्पाद ही बिक पाएंगे। साथ ही देश में बनने वाले उपकरणों को बढ़ावा मिलेगा और विदेशी उत्पादों पर निर्भरता भी कम होगी।
क्यों कर रही है सरकार यह बदलाव
पिछले कुछ वर्षों में देशभर में तेजी से सोलर पैनल लगाए गए हैं। इसी के साथ बाजार में सस्ते और कम गुणवत्ता वाले विदेशी सोलर सेल और मॉड्यूल भी बड़ी संख्या में आने लगे थे। कई उपभोक्ताओं को शुरुआत में कम कीमत का फायदा जरूर मिला, लेकिन कुछ सालों बाद ऐसे सिस्टम की बिजली उत्पादन क्षमता कम होने लगी। सरकार अब चाहती है कि लोग ऐसा सोलर सिस्टम लगवाएं जो लंबे समय तक बेहतर प्रदर्शन करे। यही वजह है कि नए नियम के जरिए गुणवत्ता को लेकर सख्ती बढ़ाई जा रही है।
नए नियम के बाद कितना बढ़ सकता है खर्च?
घरेलू सोलर सेल की कीमत फिलहाल विदेशी सेल से थोड़ी ज्यादा मानी जाती है। यही कारण है कि नए नियम के बाद सोलर सिस्टम की शुरुआती लागत बढ़ सकती है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि प्रति किलोवाट करीब 3 हजार रुपये तक अतिरिक्त खर्च बढ़ सकता है। उदाहरण के तौर पर 1 किलोवाट सिस्टम पर लगभग 3 हजार रुपये, 2 किलोवाट सिस्टम पर करीब 6 हजार रुपये और 3 किलोवाट सिस्टम पर लगभग 9 हजार रुपये तक अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है। हालांकि यह खर्च अलग-अलग कंपनियों, शहरों और स्थापना लागत के हिसाब से थोड़ा ऊपर-नीचे हो सकता है।
सोलर सिस्टम को लेकर कन्फ्यूजन....क्या अब भी फायदे का सौदा रहेगा
कीमत बढ़ने के बावजूद विशेषज्ञ मानते हैं कि सोलर सिस्टम लगवाना लंबे समय में अब भी फायदेमंद रहेगा। आज कई शहरों में बिजली की दरें लगातार बढ़ रही हैं और गर्मियों में वातानुकूलन यंत्र, कूलर और अन्य उपकरणों के कारण बिल काफी ज्यादा आने लगा है।
ऐसे में 3 किलोवाट का एक अच्छा ग्रिड से जुड़ा सोलर सिस्टम हर महीने सैकड़ों यूनिट बिजली तैयार कर सकता है। इससे बिजली बिल में बड़ी राहत मिल सकती है और कई परिवारों का बिल लगभग शून्य तक पहुंच सकता है। बेहतर गुणवत्ता वाले सोलर सेल होने से सिस्टम की उम्र और बिजली उत्पादन क्षमता भी बढ़ सकती है। यानी शुरुआत में थोड़ा ज्यादा पैसा खर्च होगा, लेकिन लंबे समय में इसका फायदा मिल सकता है।
क्या सरकार बंद करने जा रही है सब्सिडी?
नए नियम लागू होने की खबर के बाद सोशल मीडिया पर यह अफवाह फैलने लगी कि सरकार सोलर सब्सिडी बंद करने वाली है। लेकिन आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सरकार की तरफ से ऐसा कोई फैसला नहीं लिया गया है। ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के तहत मिलने वाली सब्सिडी पहले की तरह जारी रहेगी। पहले की ही तरह सोलर यूजर्स को 1 किलोवाट सिस्टम पर लगभग 30 हजार रुपये, 2 किलोवाट सिस्टम पर करीब 60 हजार रुपये और 3 किलोवाट या उससे ज्यादा क्षमता पर अधिकतम 78 हजार रुपये तक की सहायता मिलती रहेगी।
इसके अलावा ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ को बढ़ावा देने के लिए कई राज्य सरकारें भी अलग से अतिरिक्त सब्सिडी और प्रोत्साहन योजनाएं चला रही हैं।
कीमतों में बढ़ोत्तरी से आम लोगों के लिए क्या बदलेगा?
‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ में नए नियम लागू होने के साथ 1 जून के बाद सिर्फ कीमत ही नहीं, बल्कि पूरी प्रक्रिया भी थोड़ी ज्यादा सख्त हो सकती है। अब लोगों को यह सुनिश्चित करना होगा कि जिस कंपनी से वे सोलर सिस्टम लगवा रहे हैं, उसके पैनल और सेल दोनों सरकार की मंजूर सूची में शामिल हों। इसके साथ ही सब्सिडी का दावा करने की प्रक्रिया में दस्तावेजों की जांच, स्थापना सत्यापन और विक्रेता चयन पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित हो सकता है। इससे धोखाधड़ी पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
सोलर लगवाने से पहले किन बातों का ध्यान रखें?
अगर आप जल्द ही सोलर सिस्टम लगवाने का विचार बना रहे हैं, तो किसी भी कंपनी का सिस्टम खरीदने से पहले उसकी सरकारी मान्यता जरूर जांच लें। हमेशा पंजीकृत विक्रेता से ही स्थापना करवाएं और वारंटी की जानकारी अच्छे से समझ लें। सिर्फ सस्ती कीमत देखकर फैसला लेने के बजाय सिस्टम की गुणवत्ता, सेवा और बिजली उत्पादन क्षमता पर भी ध्यान देना जरूरी है। सही जानकारी के साथ लगाया गया सोलर सिस्टम आने वाले कई वर्षों तक बिजली बिल में बड़ी राहत दे सकता है। भारत अब दुनिया के सबसे बड़े सोलर बाजारों में तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। गांवों से लेकर बड़े शहरों तक लोग बिजली बिल कम करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सोलर ऊर्जा की ओर बढ़ रहे हैं। सरकार आने वाले वर्षों में करोड़ों घरों तक छतों पर सोलर व्यवस्था पहुंचाने की योजना पर काम कर रही है। ऐसे में नए नियमों को सोलर क्षेत्र को अधिक मजबूत, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।