हिंदुओं के प्रति नफरत! सोनिया गांधी की आत्मकथा के पेज नंबर 201 में ऐसा क्या, जिसे लेकर बैन की उठी मांग?

शिवसेना ने महायुति सरकार से किताब पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है और उद्धव ठाकरे की चुप्पी पर भी सवाल उठाए हैं।

Update:2026-11-18 16:21 IST

Sonia Gandhi: महाराष्ट्र में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey Of Love' को लेकर नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। शिवसेना ने किताब में स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर को लेकर की गई टिप्पणियों पर कड़ी आपत्ति जताई है और महाराष्ट्र की महायुति सरकार से इस किताब पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।

बुधवार को मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शिवसेना नेताओं ने सोनिया गांधी पर सावरकर का अपमान करने का आरोप लगाया। इतना ही नहीं, पार्टी ने शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। शिवसेना नेताओं का कहना है कि उद्धव ठाकरे ने सावरकर के बारे में की गई टिप्पणियों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, बल्कि कांग्रेस की ओर से उन्हें यह किताब स्वीकार कर ली।

शिवसेना ने किताब को बताया नफरत का दस्तावेज

शिवसेना के प्रवक्ता संजय निरुपम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब में वीर सावरकर को लेकर जो बातें लिखी हैं, वे सही नहीं हैं। उन्होंने कहा कि इस किताब का नाम भले ही ‘Belonging: A Journey Of Love’ है, लेकिन इसमें प्यार की नहीं, बल्कि नफरत की झलक दिखाई देती है।

निरुपम ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी के मन में वीर सावरकर और हिंदुओं के प्रति नफरत है। उन्होंने सावरकर को भारत का महान क्रांतिकारी और महाराष्ट्र का गौरव बताते हुए कहा कि पूरा राज्य उनका सम्मान करता है। शिवसेना नेताओं ने महायुति सरकार से मांग की कि इस किताब पर महाराष्ट्र में प्रतिबंध लगाया जाए। महायुति सरकार में शिवसेना, बीजेपी और एनसीपी शामिल हैं।

बाबरी मस्जिद का जिक्र कर सोनिया गांधी पर निशाना

संजय निरुपम ने सोनिया गांधी की किताब में बाबरी मस्जिद गिराए जाने के जिक्र को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि किताब में सोनिया गांधी ने लिखा है कि बाबरी मस्जिद गिराए जाने के बाद उनकी आंखों में आंसू आ गए थे। निरुपम ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें इस घटना का दुख तो हुआ, लेकिन उनके मुताबिक अयोध्या में राम मंदिर की जगह मस्जिद बनाए जाने से जुड़ी घटना पर सोनिया गांधी ने वैसा दुख नहीं जताया। ये बातें शिवसेना प्रवक्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कही हैं।

किताब में सावरकर और RSS को लेकर क्या लिखा है?

सोनिया गांधी ने अपनी किताब में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और विनायक दामोदर सावरकर की आलोचना की है। उन्होंने लिखा है कि जब कांग्रेस के स्वतंत्रता सेनानी अंग्रेजों के हाथों हमले झेल रहे थे और जेल जा रहे थे, तब RSS के वरिष्ठ विचारक सावरकर अंग्रेजों के सामने दया याचिकाएं लिख रहे थे। सोनिया ने यह भी आरोप लगाया है कि RSS के कुछ सदस्य अंग्रेज अधिकारियों के साथ मुखबिर के तौर पर काम कर रहे थे। किताब में उन्होंने लिखा है कि सावरकर ने अपने औपनिवेशिक शासकों यानी अंग्रेजों से माफी मांगी थी।

सोनिया गांधी ने RSS की विचारधारा पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने लिखा है कि RSS हमेशा कांग्रेस और उसके मूल्यों को हिंदू राष्ट्र बनाने की अपनी योजना में सबसे बड़ी बाधा मानता रहा है। सोनिया के मुताबिक, इस विचारधारा में दूसरे धर्मों के लोगों को दूसरे दर्जे का नागरिक बनाने की सोच दिखाई देती है। उन्होंने यह भी दावा किया है कि RSS के प्रमुख विचारकों ने अपने लेखों और भाषणों में हिटलर और अल्पसंख्यकों को लेकर उसकी नीतियों की प्रशंसा की थी।

राहुल गांधी भी उठा चुके हैं सावरकर की माफी का मुद्दा

सावरकर के अंग्रेजों को लिखे गए माफीनामों का मुद्दा पहले भी राजनीतिक बहस का हिस्सा रहा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी कई बार सावरकर की दया याचिकाओं का जिक्र कर चुके हैं। अब सोनिया गांधी की किताब में लिखी गई बातों को लेकर शिवसेना ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। इस पूरे विवाद में एक तरफ शिवसेना किताब पर प्रतिबंध लगाने की मांग कर रही है, वहीं दूसरी तरफ उद्धव ठाकरे की चुप्पी को लेकर भी सवाल उठा रही है। फिलहाल यह मामला महाराष्ट्र की राजनीति में नया सियासी टकराव बन गया है।

Tags:    

Similar News