'वंदे मातरम बजाया जाना दुर्भाग्यपूर्ण', राष्ट्रगीत को लेकर कश्मीर में क्यों भड़के मुस्लिम संगठन?

Vande Mataram Controversy: जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड के कार्यक्रम में वंदे मातरम बजाए जाने पर मुस्लिम संगठनों ने आपत्ति जताई है। मौलवियों के पश्चाताप वाले वीडियो के बाद विवाद और गहरा गया। जानिए पूरा मामला।

Update:2026-11-26 10:52 IST

Kashmir Vande Mataram Controversy

Vande Mataram Controversy: जम्मू-कश्मीर में वंदे मातरम को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड के एक कार्यक्रम में राष्ट्रगीत बजने के दौरान खड़े हुए कुछ धर्मगुरुओं ने अब अपने कदम पर अफसोस जताया है। बुधवार को वीडियो बयान जारी कर उन्होंने कहा कि वे अपने इस कदम के लिए पश्चाताप कर रहे हैं। वहीं, इस मामले में मुस्लिम धार्मिक संगठनों ने वक्फ बोर्ड के कार्यक्रम में वंदे मातरम बजाए जाने पर भी कड़ी आपत्ति जताई है। इस तरह अब विवाद का केंद्र धर्मगुरुओं के खड़े होने के साथ-साथ कार्यक्रम में राष्ट्रगीत बजाने का फैसला भी बन गया है।

23 नवंबर को कार्यक्रम में बजा था वंदे मातरम

पूरा मामला 23 नवंबर का है। उस दिन शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (SKUAST) में जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की ओर से एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसकी अध्यक्षता वक्फ बोर्ड की चेयरपर्सन दरख्शां अंद्राबी ने की थी। कार्यक्रम में केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू भी शामिल हुए थे।

कार्यक्रम के दौरान जब वंदे मातरम बजाया गया तो वहां मौजूद कई धर्मगुरु सम्मान में खड़े हो गए। इनमें गुज्जर समुदाय के प्रमुख नेता और नेशनल कॉन्फ्रेंस सांसद मियां अल्ताफ अहमद, शिया नेता इमरान अंसारी और अब्दुल राशिद शेख (दाऊदी) भी शामिल थे। हालांकि, बाद में उनके इस कदम को लेकर आलोचना शुरू हो गई। इसके बाद कुछ धर्मगुरुओं ने वीडियो जारी कर अपने फैसले पर अफसोस जताया।

मुस्लिम धार्मिक संगठनों ने क्यों जताई आपत्ति?

इस विवाद में जम्मू-कश्मीर के मुस्लिम धार्मिक संगठनों के समूह मुत्तहिदा मजलिस उलेमा (MMU) ने भी अपना रुख स्पष्ट किया है। संगठन ने वक्फ बोर्ड के कार्यक्रम में वंदे मातरम बजाए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई। उसका कहना है कि धार्मिक स्वतंत्रता के मामले में किसी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता।

MMU के मुताबिक, इस्लाम मातृभूमि से प्रेम करने की भावना को प्रोत्साहित करता है, लेकिन देश से प्रेम और उसकी पूजा करने में अंतर है। संगठन का तर्क है कि मातृभूमि को दैवीय स्वरूप देने वाली अभिव्यक्तियां इस्लाम की मूल मान्यता तौहीद यानी ईश्वर की एकता के सिद्धांत के अनुरूप नहीं हैं। इसी आधार पर संगठन ने वंदे मातरम को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है।

वक्फ बोर्ड पर भी उठाए सवाल

MMU ने इस पूरे घटनाक्रम में वक्फ बोर्ड की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए हैं। संगठन का कहना है कि वक्फ बोर्ड का काम मुस्लिम धार्मिक संपत्तियों और उनकी पवित्रता की रक्षा करना है। ऐसे में उसी संस्था के कार्यक्रम में वंदे मातरम बजाया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।

संगठन ने यह भी कहा कि कार्यक्रम में राष्ट्रगीत बजाने की कोई कानूनी बाध्यता नहीं थी। इसके बावजूद ऐसा किया गया, जिससे कश्मीरी मुसलमानों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं और लोगों में नाराजगी पैदा हुई।

मीरवाइज उमर फारूक के नेतृत्व वाला संगठन

मुत्तहिदा मजलिस उलेमा जम्मू-कश्मीर के प्रमुख धार्मिक संगठनों और संस्थाओं का एक समूह है। इसका नेतृत्व कश्मीर के प्रमुख धर्मगुरु मीरवाइज उमर फारूक करते हैं। इसमें अलग-अलग विचारधाराओं से जुड़े विद्वान और धार्मिक नेता शामिल हैं। संगठन ने इस मामले को धार्मिक स्वतंत्रता और इस्लामी मान्यताओं से जोड़ते हुए अपनी आपत्ति दर्ज कराई है।

Tags:    

Similar News