West Bengal: TMC नेता कैलाश मिश्रा पर पुलिस का शिकंजा, वसूली और मारपीट के मामले में गिरफ्तारी
West Bengal: पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले की बाली विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के पूर्व उम्मीदवार कैलाश मिश्रा को बिहार के मधुबनी से गिरफ्तार किया गया है। उन पर मारपीट और जबरन वसूली के कई मामले दर्ज हैं।
West Bengal Politics
West Bengal: पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले की बाली विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के पूर्व उम्मीदवार कैलाश मिश्रा को पुलिस ने बिहार के मधुबनी से गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, 2021 के विधानसभा चुनावों के दौरान पश्चिम बंगाल के अलग-अलग पुलिस स्टेशनों में उनके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज किए गए थे। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बाली, हावड़ा और लिलुआ पुलिस स्टेशनों के अधिकार क्षेत्र में मारपीट, धमकी देने और जबरन वसूली के आरोपों को लेकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थीं। इन मामलों पर कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल पुलिस की एक टीम ने उन्हें मधुबनी से गिरफ्तार किया।
अभिषेक बनर्जी के करीबी माने जाते हैं कैलाश मिश्रा
कैलाश मिश्रा मधुबनी जिले के बेनीपट्टी ब्लॉक के अरर पुवारी टोला के रहने वाले हैं और तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी के करीबी सहयोगी माने जाते हैं। वे बाली विधानसभा सीट से टीएमसी के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं। गिरफ्तारी के बाद पश्चिम बंगाल पुलिस जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें संबंधित अदालत में पेश करेगी।
पूर्वी मिदनापुर में भी टीएमसी पदाधिकारी की गिरफ्तारी
इससे पहले शुक्रवार को, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर जिले में तृणमूल कांग्रेस जिला परिषद के एक पदाधिकारी को गिरफ्तार किया था। यह जिला मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी का गृह जिला है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान पूर्वी मिदनापुर जिला परिषद के तृणमूल कांग्रेस पदाधिकारी (स्वास्थ्य इकाई) शम्सुल इस्लाम के तौर पर हुई।
उन्हें जिले में सहकारी बैंक के पदाधिकारियों के पदों के लिए हुए चुनावों के दौरान अपने साथियों के साथ दंगा करने के मामले में गिरफ्तार किया गया।
स्वरूप बिस्वास भी पुलिस कार्रवाई के दायरे में
वहीं, गुरुवार को, पश्चिम बंगाल के पूर्व खेल मंत्री अरूप बिस्वास के भाई स्वरूप बिस्वास को कोलकाता पुलिस ने हिरासत में लिया। स्वरूप बिस्वास पिछले साल 13 दिसंबर को लियोनेल मेसी के 'गोट इंडिया टूर' के दौरान साल्ट लेक स्थित युवा भारती क्रीड़ांगन में तोड़फोड़ के मामले में आरोपी हैं। राज्य पुलिस के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह गिरफ्तारी बंगाली फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े टेक्नीशियनों से जबरन वसूली के आरोपों के सिलसिले में की गई थी।