इस ग्रैंड रिसेप्शन में गाएंगे हनी सिंह-मीका, सोनम कपूर करेंगी डांस

Update: 2016-04-22 18:03 GMT

सहारनपुर: साऊथ अफ्रीका के बड़े कारोबारी और अप्रवासी भारतीय अजय गुप्ता के बेटे कमल गुप्ता की शादी क्षेत्र में आज-कल चर्चा का विषय बना हुआ है। ये शादी भले ही तुर्की में हो रही हो, लेकिन इसके कुछ खास रंग आने वाले दिनों में यूपी के सहारनपुर में भी देखने को मिलेंगे।

इस शाही शादी के रिसेप्शन में केंद्र सरकार, यूपी सरकार, फ़िल्मी हस्तियों सहित मीडिया और अन्य क्षेत्रों के कई दिग्गज शामिल हो सकते हैं। इससे इतर बॉलीवुड की कई नामचीन हस्तियां इस रिसेप्शन में परफॉर्म करेंगी।

अजय गुप्ता साऊथ अफ्रीकी राष्ट्रपति के हैं करीबी

अप्रवासी भारतीय अजय गुप्ता साऊथ अफ्रीका के राष्ट्रपति जैकब जुमा के काफी करीबी माने जाते हैं। इस बात को लेकर साऊथ अफ्रीका में विपक्षी दलों की ओर से अजय गुप्ता का काफी विरोध भी हो रहा है। बताया यह भी जाता है कि इस विरोध के कारण ही अजय गुप्ता अपना कारोबार साऊथ अफ्रीका से खाड़ी देशों में शिफ्ट करने जा रहे हैं।

बरात को तुर्की ले जाने की ये है व्यवस्था

भारत से तुर्की बराती बनकर जाने वालों के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। बताया जाता है कि दिल्ली और लखनऊ से जो लोग तुर्की जाएंगे, उनके लिए विशेष विमान की व्यवस्था की गई है। सहारनपुर से अजय गुप्ता के कई मेहमान इस बरात में शामिल होंगे। बरात जाने से एक दिन पहले सहारनपुर से एक विशेष बस दिल्ली एयरपोर्ट के लिए रवाना होगी। जहां से सभी बराती तुर्की के लिए रवाना होंगे।

अनिल कपूर से है अजय गुप्ता का पारिवारिक रिश्ता

अजय गुप्ता परिवार से जुड़े मित्र बताते हैं कि अनिल कपूर से अजय गुप्ता का पारिवारिक रिश्ता है। इसलिए यहां आयोजित रिसेप्शन में अनिल कपूर और उनकी बेटी सोनम कपूर का आना निश्चित माना जा रहा है। तुर्की में आयोजित विवाह कार्यक्रम में करीना कपूर और कैटरीना कैफ के पहुंचने की उम्मीद जाहिर की जा रही है।

हनी सिंह-मीका सिंह-अरिजीत सिंह बांधेंगे समां

28 अप्रैल के रिसेप्शन में हनी सिंह और उनके ग्रुप के साथी अपनी परफॉर्मेंस देंगे। जबकि मिक्का सिंह, दिलेर मेहंदी और अरजीत सिंह अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे।

यूपी सरकार के मंत्री पहले भी कर चुके हैं अगवानी

जुलाई 2013 में अजय गुप्ता की भतीजी की शादी हुई थी। इसमें यूपी सरकार के कई बड़े मिनिस्टर बरात के स्वागत करने वालों में शामिल हुए थे। चर्चा है कि आगामी 23 अप्रैल को तुर्की में हो रही बेटे कमल गुप्ता की शादी में यूपी सरकार से लेकर मोदी सरकार के कई मंत्री बराती बनकर तुर्की जा रहे हैं।

रिसेप्शन में ये हस्तियां हो सकती है शामिल

कमल गुप्ता के ग्रैंड रिसेप्शन में केंद्र सरकार के गृह मंत्री राजनाथ सिंह और वित्त मंत्री अरुण जेटली शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा राजीव शुक्ला, उत्तराखंड के सीएम हरीश रावत सहित कई अन्य मंत्रियों की यहां मौजूदगी हो सकती है। यूपी के सीएम अखिलेश यादव, सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव, शिवपाल यादव, आजम खां भी इसमें शिरकत करेंगे।

सलमान-शाहरुख के आने पर संशय

फिल्म अभिनेता सलमान खान और शाहरुख खान के इस रिसेप्शन में आने पर संशय बना हुआ है। बाबा रामदेव के अलावा अजय गुप्ता के धर्म गुरु संत मोरारी बापू इसमें शिरकत करेंगे। अंबाला रोड पर एक बड़े मैदान में इस रिसेप्शन का आयोजन किया जाएगा। करीब दस हजार लोगों के खाने की व्यवस्था की गई है।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

कमल गुप्ता के ग्रैंड रिसेप्शन में मीडिया जगत के तमाम दिग्गजों इन्वाइट किया गया है। वीवीआईपी की सुरक्षा के लिए कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। मिशन कंपाउंड में जहां पर अजय गुप्ता का आवास है, वहां प्राइवेट सिक्योरिटी लगाई गई है। इसके अलावा अंबाला रोड पर रिसेप्शन वाले रोज चंडीगढ़-पंचकूला-देहरादून से आने वाले वाहन के लिए रुट डायर्वट किया जाएगा।

Tags:    

Similar News