Memory Mystery Explained: दिमाग झूठी यादें कैसे बनाता है, क्या आपकी बचपन की यादें सच हैं?

Memory Mystery Explained: क्या आपकी बचपन की यादें पूरी तरह सही हैं? जानिए दिमाग यादों को कैसे दोबारा बनाता है, False Memory क्यों बनती है और फोटो, भावनाएं व दूसरे लोगों की बातें हमारी यादों को कैसे बदल सकती हैं।

Update:2026-08-12 18:38 IST

how does the brain create false memories 

Memory Mystery Explained: आपको अपने बचपन की कोई घटना बहुत साफ याद है। आपको याद है कि आप कहां थे, आपके साथ कौन था, उस समय आपने क्या पहना था और शायद यह भी कि किसने आपसे क्या कहा था। आपको उस याद पर इतना भरोसा हो सकता है कि अगर कोई दूसरा व्यक्ति कहे कि ऐसा कभी हुआ ही नहीं, तो आपको लगेगा कि गलती उसी की है।

लेकिन दिमाग के साथ एक अजीब बात होती है कि हमें किसी घटना की याद जितनी साफ और पक्की लगती है, जरूरी नहीं कि वह उतनी ही सही हो।

दरअसल, याददाश्त कोई कैमरे की रिकॉर्डिंग नहीं है। हमारा दिमाग किसी घटना को ज्यों का त्यों रिकॉर्ड करके किसी फाइल की तरह सुरक्षित नहीं रखता। दिमाग घटना के अलग-अलग हिस्सों को याद रखता है और जब हम उसे दोबारा याद करते हैं तो उन हिस्सों को फिर से जोड़ता है। इस प्रक्रिया में कुछ चीजें छूट सकती हैं, कुछ बदल सकती हैं और कभी-कभी ऐसी जानकारी भी याद में जुड़ सकती है जो असल घटना का हिस्सा थी ही नहीं। इसी को फॉल्स मेमोरी (false memory) यानी झूठी या गलत याद कहा जाता है।

सबसे दिलचस्प बात यह है कि ऐसी याद बनाने के लिए दिमाग का झूठ बोलने वाला होना जरूरी नहीं है। कई बार दिमाग पूरी ईमानदारी से वही याद वापस लाता है जो उसके पास उस समय मौजूद होती है, भले ही वह मूल घटना से अलग हो।

याददाश्त आखिर बनती कैसे है?

जब हमारे साथ कोई घटना होती है तो हमारी आंखें, कान, त्वचा और दूसरी इंद्रियां उससे जुड़ी जानकारी दिमाग तक पहुंचाती हैं। दिमाग इस जानकारी को अलग-अलग हिस्सों में प्रोसेस करता है। इसमें हिप्पोकैम्पस (hippocampus) नाम का दिमागी हिस्सा खास भूमिका निभाता है। यह नई यादों को बनाने और उन्हें व्यवस्थित करने में महत्वपूर्ण माना जाता है। लेकिन याददाश्त सिर्फ हिप्पोकैम्पस में रखी कोई वीडियो फाइल नहीं है। घटना से जुड़ी जानकारी दिमाग के अलग-अलग नेटवर्क में फैली रहती है।

मान लीजिए बचपन में आपका जन्मदिन मनाया गया। वहां केक था, कुछ लोग थे, गुब्बारे थे, किसी ने आपको उपहार दिया था और फोटो भी खींची गई थी। सालों बाद जब आप उस दिन को याद करेंगे तो दिमाग इन अलग-अलग जानकारियों को जोड़कर उस घटना की तस्वीर बनाएगा। समस्या यह है कि इतने वर्षों में उस तस्वीर के कुछ हिस्से बदल सकते हैं। चीजें गड्डमड्ड हो सकती ।

दिमाग कैमरे की तरह रिकॉर्ड क्यों नहीं करता?

इसकी वजह ये है कि हमारा दिमाग (brain) हर चीज को रिकॉर्ड करने के लिए बना ही नहीं है। अगर हम अपने जीवन की हर छोटी चीज को बिल्कुल उसी रूप में याद रखने लगें जिस रूप में वह हुई थी तो दिमाग पर जानकारी का बहुत बड़ा बोझ पड़ जाएगा। याददाश्त (memory) का एक काम यह भी है कि वह हमारे लिए महत्वपूर्ण चीजों को बचाकर रखे और गैरजरूरी चीजों को धीरे-धीरे कमजोर होने दे। इसीलिए हमें बचपन के हर दिन की याद नहीं होती। लेकिन कोई खास घटना, चेहरा या जगह याद रह सकती है। समय के साथ उस याद में मूल घटना की तुलना में अर्थ और भावना ज्यादा मजबूत रह सकते हैं। आपको याद रह सकता है कि उस दिन आप बहुत खुश थे, लेकिन यह जरूरी नहीं कि आपको सही-सही याद हो कि उस समय कमरे में कौन-कौन था।

बचपन की यादों पर भरोसा कितना किया जा सकता है?

यह सवाल इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि हममें से बहुत से लोग अपनी बचपन की यादों को बेहद पक्का मानते हैं। लेकिन बचपन की शुरुआती यादों को लेकर वैज्ञानिकों ने लंबे समय से एक दिलचस्प बात देखी है कि ज्यादातर लोगों को अपने जीवन के शुरुआती वर्षों की बहुत कम स्पष्ट यादें होती हैं। इसे चाइल्डहुड एम्नेशिया (childhood amnesia) कहा जाता है।

आमतौर पर तीन-चार साल से पहले की घटनाओं की व्यक्तिगत यादें बहुत कम और अस्पष्ट होती हैं। इसके कई कारण हैं। बचपन में दिमाग अभी विकसित हो रहा होता है, भाषा और आत्म-बोध भी विकसित हो रहे होते हैं और यादों को व्यवस्थित करने की क्षमता समय के साथ बदलती है। इसका मतलब यह नहीं कि उस उम्र की कोई जानकारी दिमाग में नहीं रहती। बल्कि उस समय के अनुभवों का असर व्यवहार, भावनाओं और सीखने पर पड़ सकता है, भले ही हमें घटना की कहानी याद न हो।

हमें बचपन की कुछ घटनाएं इतनी साफ क्यों याद रहती हैं?

किसी बचपन की घटना की तस्वीर आपने शायद खुद नहीं बनाई हो। हो सकता है आपने उसके बारे में माता-पिता से कई बार सुना हो। परिवार में उस घटना की चर्चा होती रही हो। किसी फोटो को बार-बार देखा हो। धीरे-धीरे उस कहानी के हिस्से आपकी अपनी याद का हिस्सा बन सकते हैं। उदाहरण के लिए, परिवार में बार-बार बताया गया कि बचपन में आप एक शादी में मंच पर चढ़ गए थे। वर्षों बाद आपको उस घटना की एक तस्वीर जैसी याद आने लगती है। आपको लग सकता है कि आपको खुद वह दृश्य याद है। लेकिन संभव है कि आपकी “याद” वास्तव में परिवार की कही कहानी, पुरानी फोटो और आपकी कल्पना का मिश्रण हो। यानी किसी घटना के बारे में बार-बार सुनना कभी-कभी उस घटना की याद जैसा अनुभव पैदा कर सकता है।

1990 के दशक में मनोवैज्ञानिक एलिजाबेथ लॉफ्टस (Elizabeth Loftus) और उनके सहयोगियों ने झूठी यादों पर कई महत्वपूर्ण प्रयोग किए। उनके एक प्रसिद्ध प्रयोग में प्रतिभागियों से बचपन की कुछ घटनाओं के बारे में पूछा गया। उन्हें ऐसी घटनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई जो वास्तव में हुई ही नहीं थीं। उदाहरण के लिए, प्रतिभागियों को यह बताया गया कि बचपन में वे एक शॉपिंग मॉल में खो गए थे। धीरे-धीरे कुछ प्रतिभागियों ने उस घटना के बारे में विवरण बताना शुरू कर दिया। उन्हें ऐसा लगने लगा कि घटना सच में हुई थी। बाद के शोधों ने भी दिखाया कि लोगों की यादों को सवाल पूछने के तरीके, दूसरी जानकारी और सामाजिक बातचीत से प्रभावित किया जा सकता है। यहीं से एक बड़ा सवाल सामने आया - क्या हमारी याददाश्त सिर्फ अतीत को याद करती है या हर बार अतीत का नया संस्करण बनाती है?

झूठी याद बनती कैसे है?

झूठी याद बनने के पीछे कई रास्ते हो सकते हैं। सबसे पहला है, भूलना और फिर खाली जगह भरना।

मान लीजिए आपको किसी घटना का सिर्फ आधा हिस्सा याद है। बाकी हिस्सा दिमाग के पास साफ जानकारी के रूप में नहीं है। जब आप वर्षों बाद उसे याद करते हैं तो दिमाग उस खाली जगह को किसी ऐसी जानकारी से भर सकता है जो उस घटना के संदर्भ में संभव लगती है।

दूसरा रास्ता है - बाद में मिली जानकारी। यानी कि अगर किसी घटना के बाद किसी ने आपको बताया कि वहां लाल कार खड़ी थी, तो कुछ समय बाद आपको खुद भी लाल कार याद आ सकती है, भले ही आपने उसे मूल घटना में देखा ही न हो।

तीसरा है - कल्पना।

किसी घटना के बारे में बार-बार सोचने पर हमारा दिमाग उस दृश्य को ज्यादा परिचित महसूस करने लगता है। कुछ परिस्थितियों में बाद में यह फर्क करना मुश्किल हो सकता है कि हमने वास्तव में घटना देखी थी या सिर्फ उसकी कल्पना की थी।

याददाश्त में भावना भी अपना रंग भर देती है

हमारे भावनात्मक अनुभव भी यादों को प्रभावित करते हैं। डरावनी घटना ज्यादा मजबूत याद रह सकती है। किसी बहुत खुश करने वाली घटना की याद भी लंबे समय तक बनी रह सकती है। लेकिन मजबूत भावना का मतलब यह नहीं कि याद का हर विवरण सही होगा। मान लीजिए आपको बचपन में किसी कुत्ते ने डरा दिया था। वर्षों बाद आपको वह घटना बहुत साफ याद हो सकती है। लेकिन कुत्ता कितना बड़ा था, उसका रंग क्या था या उस समय कौन-कौन वहां मौजूद था—इन विवरणों में बदलाव हो सकता है। यानी भावना याद को मजबूत बना सकती है, लेकिन जरूरी नहीं कि वह याद को सटीक भी बनाए।

क्या फोटो और वीडियो हमारी याद को बदल सकते हैं?

मान लीजिए आपके बचपन की कोई घटना आपको एक तरह से याद है। फिर आपको उसी घटना की पुरानी फोटो मिलती है और उसमें कुछ ऐसा दिखता है जो आपकी याद से अलग है। अब दिमाग को दो स्रोत मिल गए, आपकी पुरानी याद और नई मिली तस्वीर। आगे चलकर आपकी याद में तस्वीर का विवरण भी शामिल हो सकता है। और कभी-कभी उल्टा भी हो सकता है। किसी घटना की फोटो देखकर आप ऐसी चीज महसूस कर सकते हैं जैसे आपको वह घटना खुद याद हो रही हो, जबकि आपकी जानकारी का बड़ा हिस्सा वास्तव में फोटो से आया हो। ये कहना सही है कि फोटो या वीडियो याद को बदल सकते हैं।

क्या दूसरे लोग हमारी यादें बदल सकते हैं?

जर्रोर, दूसरे लोग नए इनपुट देकर हमारी यादें बदल सकते हैं यही वजह है कि गवाहों की याददाश्त को लेकर मनोविज्ञान और कानून में बहुत गंभीर चर्चा होती है। मान लीजिए किसी सड़क हादसे के बाद पांच लोग घटना देखते हैं। अगर बाद में उनसे अलग-अलग तरह के सवाल पूछे जाएं तो उनके जवाब बदल सकते हैं। “कार कितनी तेज थी?” और “कार कितनी तेजी से दूसरी कार से टकराई?” - दोनों सवाल एक ही घटना के बारे में हैं, लेकिन सवाल में इस्तेमाल शब्द व्यक्ति की याद को प्रभावित कर सकते हैं। इसे मिसइन्फॉर्मेशन इफेक्ट के नाम से जाना जाता है। एलिजाबेथ लॉफ्टस के शोध ने दिखाया कि घटना के बाद दी गई गलत जानकारी लोगों की बाद की यादों को प्रभावित कर सकती है।

फिर भी, झूठी याद का मतलब यह नहीं है कि हमारी याददाश्त बेकार है। हम रोज अपने जीवन के हजारों अनुभव याद रखते हैं और अधिकांश समय हमारी याददाश्त हमारे लिए पर्याप्त रूप से उपयोगी होती है। समस्या तब आती है जब हम किसी याद को पूरी तरह सटीक रिकॉर्ड मान लेते हैं। याददाश्त में छोटी गलतियां सामान्य हैं। किसी का नाम भूल जाना, किसी घटना का क्रम बदल देना या किसी तारीख को थोड़ा आगे-पीछे याद करना आम बात है। फॉल्स मेमोरी का दिलचस्प हिस्सा यह है कि कभी-कभी गलत याद भी हमें बिल्कुल असली लगती है।

सबसे खतरनाक चीज है “मुझे पूरा यकीन है”

याददाश्त की सबसे बड़ी चाल यही है। हमें लगता है कि अगर हमें किसी घटना पर बहुत ज्यादा भरोसा है तो वह निश्चित रूप से सही होगी। लेकिन याद की स्पष्टता और याद की सच्चाई एक ही चीज नहीं हैं। आप किसी ऐसी घटना को बहुत आत्मविश्वास से याद कर सकते हैं जिसमें कुछ विवरण गलत हों। कई बार किसी याद को बार-बार दोहराने से हमारा भरोसा और बढ़ जाता है। परिवार में कोई घटना बार-बार बताई गई, आपने दोस्तों से कई बार चर्चा की और फिर आपने खुद उस कहानी को दोहराया। हर बार वह याद थोड़ी और मजबूत महसूस हो सकती है। लेकिन मजबूत महसूस होना उसे मूल घटना की हूबहू कॉपी नहीं बना देता।

अगर कोई पुरानी याद बहुत महत्वपूर्ण है तो देखें कि उसके समर्थन में स्वतंत्र सबूत क्या हैं। पुरानी फोटो, डायरी, पत्र, स्कूल रिकॉर्ड या उस घटना में शामिल किसी दूसरे व्यक्ति की स्वतंत्र याद उपयोगी हो सकती है। लेकिन दूसरे व्यक्ति की याद भी अंतिम प्रमाण नहीं है। उसकी याद भी बदल सकती है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि याद और तथ्य को अलग-अलग समझें। “मुझे ऐसा याद है” और “ऐसा निश्चित रूप से हुआ था”- इन दोनों वाक्यों में बहुत अंतर है।

क्या दिमाग जानबूझकर झूठ बोलता है?

यही फॉल्स मेमोरी को समझने की सबसे जरूरी बात है। दिमाग आपको धोखा देने के लिए झूठी याद नहीं बनाता। उसका काम किसी घटना की डिजिटल रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखना नहीं है। वह अनुभवों से अर्थ निकालता है, महत्वपूर्ण चीजों को जोड़ता है और जरूरत पड़ने पर उस जानकारी को दोबारा बनाता है। याद करते समय दिमाग के पास मूल घटना की पूरी फिल्म नहीं होती। उसके पास उस घटना के बचे हुए हिस्से, उससे जुड़ी भावनाएं, बाद की जानकारी और दूसरे अनुभव होते हैं। इन सबको जोड़कर वह हमें अतीत का एक संस्करण देता है। और कई बार वही संस्करण वास्तविक घटना से थोड़ा अलग होता है।

याददाश्त का काम अतीत की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग चलाना नहीं है। वह हर बार अतीत को फिर से बनाती है। इसलिए अगली बार जब आप बचपन की किसी घटना के बारे में कहें - “मुझे तो बिल्कुल साफ याद है, ऐसा ही हुआ था”- तो शायद एक छोटा-सा सवाल खुद से पूछना चाहिए: “मुझे यह घटना याद है, या मुझे उस घटना की अपनी बनाई हुई कहानी याद है?” यही फर्क इंसानी याददाश्त को एक तरफ बेहद शक्तिशाली और दूसरी तरफ बेहद दिलचस्प बनाता है।

Tags:    

Similar News