Ratlam Train Fire Case: मध्य प्रदेश में राजधानी एक्सप्रेस के कोच में लगी आग, सवार थे 68 यात्री

Ratlam Train Fire Case: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब त्रिवेंद्रम-निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के एक कोच में अचानक आग लग गई।

Update:2026-05-17 08:55 IST

Ai Edited Image

Ratlam Train Fire Case: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में रविवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब त्रिवेंद्रम-निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के एक कोच में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि यह ट्रेन त्रिवेंद्रम से नई दिल्ली की ओर जा रही थी। तभी आलोट और लूनीरीछा स्टेशन के बीच आग लगने की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। जिसके बाद रेलवे प्रशासन और दमकल विभाग की टीम की त्वरित कार्रवाई के बाद समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी यात्री की जान जाने की खबर नहीं है।

बी-1 कोच से अचानक उठीं लपटें

रिपोर्ट्स के मुताबिक रविवार सुबह करीब 5 बजकर 20 मिनट पर रतलाम कंट्रोल रूम को कोटा कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 12431 त्रिवेंद्रम-निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के बी-1 कोच में आग लग गई है। वहीं सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मच गया और तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि आग इतनी तेजी से फैली कि बी-1 कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गया। हालांकि सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि कोच में मौजूद सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जानकारी के अनुसार इस कोच में करीब 68 यात्री सवार थे।

गार्ड की सूचना के बाद रोकी गई ट्रेन

वहीं इस बाबत जानकारी देते हुए सीनियर डीसीएम सौरभ जैन ने पत्रकारों को बताया कि, सबसे पहले ट्रेन के गार्ड ने आग लगने की सूचना दी थी। इसके बाद तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका गया। वहीं रेलवे और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया और कुछ ही समय में हालात पर काबू पा लिया गया।

फिलहाल आग लगने के असली कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। रेलवे ने मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।

घटनास्थल के लिए रवाना हुए अधिकारी

जानकारी के मुताबिक यह घटना कोटा मंडल के लूणीरिच्छा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही रतलाम के डीआरएम घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। इसके साथ ही रतलाम से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन और एआरएमई भी भेजी गई। रेलवे ने टावर वैगन को भी मौके की ओर रवाना किया है। फिलहाल रेलवे प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और पूरे मामले की निगरानी की जा रही है।

कुछ ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित

वहीं राजधानी एक्सप्रेस में आग लगने की इस घटना का असर अन्य ट्रेनों के संचालन पर भी पड़ा। यहां रेलवे ट्रैक प्रभावित होने के चलते मुंबई सेंट्रल-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस को महिदपुर रोड स्टेशन पर रोकना पड़ा। हालांकि रेलवे प्रशासन का कहना है कि जल्द ही ट्रैक पर यातायात सामान्य कर दिया जाएगा।

यात्रियों के लिए किया गया विशेष इंतजाम

वहीं घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने बी-1 कोच में सफर कर रहे यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था भी की है। यात्रियों को नाश्ता उपलब्ध कराया गया है और आगे के सफर के लिए दूसरे कोचों में समायोजित कर उन्हें कोटा तक ले जाने की तैयारी की गई है।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक कोटा पहुंचने के बाद ट्रेन में एक अतिरिक्त कोच जोड़ा जाएगा, जिसमें इन यात्रियों को शिफ्ट किया जाएगा ताकि उनका आगे का सफर सुरक्षित और सुचारु तरीके से पूरा कराया जा सके।

Tags:    

Similar News