अखिलेश-माया ने खूब चलाए जुबानी तीर, घायल होंगे कई वीर

बुंदेलखण्ड के उरई में गठबंधन की चुनावी जनसभा हुई जिसमें बड़ी तादाद में लोग बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को सुनने के लिए हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी।

Update: 2019-04-26 14:11 GMT

उरई/झांसी : बुंदेलखण्ड के उरई में गठबंधन की चुनावी जनसभा हुई जिसमें बड़ी तादाद में लोग बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को सुनने के लिए हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी। बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से यह विश्वास हो चला है कि गठबंधन के प्रत्याशी अजय सिंह को भारी जीत और भाजपा को करारी हार मिलेगी।

मायावती ने कहा कि इस क्षेत्र में सबसे ज्यादा पलायन कांग्रेस सरकार में हुआ है। कांग्रेस कहती है कि वह गरीबी दूर करेगी। सत्ता में लम्बे समय तक रहने के दौर में भी उसने गरीबों, कमजोर वर्ग को कुछ दिया होता तो समाजवादी पार्टी-बहुजन समाज पार्टी बनाने की जरूरत ही नहीं होती। इस बार गंगा मइया भी इनसे नाराज है। उनको इस बार आशीर्वाद मिलने वाला नहीं है। सभी बड़े छोटे चौकीदार मिलकर चाहे जितनी नाटकबाजी कर लें इन्हें वोट मिलने वाले नहीं है।

उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी अपने को पिछड़े वर्ग का बताते हैं वे कागजी पिछड़े हैं असली पिछड़े नहीं है। वे फर्जी बैकवर्ड है। भाजपा राज में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी बढ़ी है। वह झूठे वादे कर रही है। हम गरीबों को सरकारी और निजी क्षेत्र में स्थाई नौकरी देंगे। पीछे अब सिर्फ भाजपा है आगे गठबंधन चल रहा है। उन्होंने सभी से बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को जिताने का आग्रह किया।

ये भी देखें : Nagaland Lottery: पहला इनाम 25 लाख का, यहां देखें नतीजे

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि बुंदेलखण्ड के लोगों को कोई धोखा नहीं दे सकता। अगर यहां किसी से वादा किया होगा तो पूरा न होने पर उसका जनता वोट डालकर हिसाब किताब कर लेगी। सन 2014 में भाजपा ने कई वायदे किए थे, पूरा एक भी नहीं किया। भाजपा भागती जनता पार्टी और भागती जुमला पार्टी है। ये चुनाव चौकीदार से चौकी छीनने का है।

यादव ने कहा कि हमने बच्चो को दूध और अंडा पौष्टिक आहार देने का काम किया था। गरीब महिलाओं को पेंशन दी थीं इसे भाजपा ने खत्म कर दिया। यूपी डायल 100 की व्यवस्था भी खराब कर दी। लैपटाॅप नहीं बांटा। गंगा मइया की कसम खाकर दिल्ली पहुंचे पर गंगा मां को भी धोखा दे दिया। हमारे डैम, बिजली पानी पहुंचाने के इंतजामों को रोक दिया। उन्होंने कहा पहले, दूसरे, तीसरे चरण के लोगों ने अपना धर्म निभा दिया अब आपकी बारी है। आप जिताएंगे तो प्रचारमंत्री हट जाएंगे। हम आपको नया प्रधानमंत्री देंगे।

यह भी पढ़ें…आपातकाल में जीवनदायनी संस्था NDRF एकेडमी अब नागपुर में भी: अधिकारी

झांसी में भी गरजे अखिलेश

अखिलेश यादव ने झांसी में चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि समाजवादी सरकार के कार्यकाल में बुंदेलखण्ड में कई योजनाएं शुरू की थी। यहां स्कूल और मेडिकल कालेज की जर्जर इमारतों की मरम्मत कराई। यहां समाजवादी सरकार में ही सैनिक स्कूल के लिए जमीन दी। झांसी में फ्लाई ओवर का काम शुरू कराया था वह अब तक अधूरा पड़ा है। युवाओं को रोजगार नहीं मिला। ललितपुर में हमने सबसे बड़ा बिजली का प्लांट लगवाया था। हमारी सरकार आने पर सोलर बिजली फ्री में दी जायेगी। हमने मेरिट के आधार पर पुलिस में भर्तियां की।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार न तो विकास कर पाई है और नहीं सीमाओं की सुरक्षा कर पाई है। हर दिन जवान शहीद हो रहे हैं। हमारा बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन है जो देश की राजनीति को बदल देगा। भाजपा गरीबों के दुश्मन हैं। देश में नया प्रधानमंत्री बनाना हैं। झांसी में गठबंधन के समाजवादी पार्टी प्रत्याशी श्री श्याम सुन्दर सिंह के पक्ष में उन्होंने जनता से मतदान की अपील की।

ये भी देखें : Nagaland Lottery: इन्हें मिला 25 लाख का इनाम, यहां देखें नतीजे

यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने जो सन 2014 में कहा था उसे याद करिए, मोदी जी यहां आए तो कच्छ की कहानी सुना रहे थे। उन्होंने पानी के लिए जो वादे किए थे वे क्या पूरे हो गए? यहां के सांसद ने, जो पानी की मंत्री थी, उन्होंने कहा था कि गंगा साफ नहीं हुई तो उनकी बात हम नहीं कह सकते पर यहां तो पानी नहीं, डूबने के लिए कहीं और जाना पड़ेगा। उनसे मंत्रालय भी छिन गया। वादा तो यह भी था कि बुंदेलखण्ड एक्सप्रेस-वे झांसी और गोरखपुर मेट्रो बनवा देंगे।

उन्होंने कहा कि अमेरिका ने सड़के बनवाई और सड़कों ने अमेरिका को बना दिया। हम पर भेदभाव करने का झूठा आरोप लगा दिया। उन्होंने कहा हमारा गठबंधन महामिलावट वाला नहीं है। यह विचारों और दिलों को मिलाने वाला गठबंधन है। हम समाजवादी हैं हमारी कथनी-करनी में कोई अंतर नहीं है।

यह भी पढ़ें…रोहित शेखर हत्या मामलाः कोर्ट ने पत्नी अपूर्वा को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा

यादव ने कहा किसान बर्बाद हो गया। बुंदेलखण्ड का नौजवान बेरोजगारी से तंग है। पहले एक गड्ढे का शौचालय बनता था अब दो गड्ढे का बना रहे है लेकिन उसमें पानी नहीं है। भाजपा ने किसान की खाद की बोरी से 5 किलो खाद चुरा लिया। हमने डैम और तालाब बनाने शुरू किये, भाजपा ने उसे भी रोक दिया। भाजपाई कहते है हमें नया भारत बनाना है, हमारा कहना है कि नया प्रधानमंत्री आयेगा तभी नया भारत बनेगा।

Tags: