चुनाव परिणाम से पहले केजरीवाल से मिले चंद्रबाबू नायडू

गैर-भाजपा गठबंधन बनाने के लिए क्षेत्रीय दलों को एकजुट करने में जुटे तेदेपा अध्यक्ष नायडू इससे पहले दिन में माकपा महासचिव सीताराम येचुरी से भी मिले थे।

Update: 2019-05-17 16:51 GMT

नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव 2019 के परिणाम की घोषणा होने से कुछ दिन पहले आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चन्द्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल से मुलाकात की। आम आदमी पार्टी ने इसे ‘‘शिष्टाचार भेंट’’ बताया।

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और आप के वरिष्ठ नेता संजय सिंह भी इस दौरान मौजूद थे।

सूत्रों के अनुसार, नायडू और केजरीवाल के बीच चुनाव परिणाम के बाद के हालात, उस वक्त दोनों पार्टियों (तेदेपा और आप) की भूमिका आदि पर चर्चा हुई।

हालांकि आप का कहना है कि नायडू ने केजरीवाल से ‘‘शिष्टाचार भेंट’’ की।

गैर-भाजपा गठबंधन बनाने के लिए क्षेत्रीय दलों को एकजुट करने में जुटे तेदेपा अध्यक्ष नायडू इससे पहले दिन में माकपा महासचिव सीताराम येचुरी से भी मिले थे।

सूत्रों ने बताया कि नायडू शनिवार को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और लखनऊ में बसपा सुप्रीमो मायावती से मिलने वाले हैं।

(भाषा)

Tags: