त्रिपुरा में बोले पीएम: कांग्रेस और लेफ्ट मिलकर मोदी को हटाने में जुटे हैं

त्रिपुरा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि त्रिपुरा आज देश भर में परिवर्तन का प्रतीक बन चुका है। मैं त्रिपुरा से बहुत प्रभावित हूं, जिस तरह यहां के लोगों ने अपने राज्य के विकास के लिए सिर्फ और सिर्फ भारतीय जनता पार्टी पर भरोसा किया है यह बहुत सराहनीय है।;

Update:2019-04-07 12:13 IST

कोलकाता: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देश के तीन अलग-अलग राज्यों में रैलियां करेंगे। पश्चिम बंगाल में कूच बिहार के बाद त्रिपुरा के उदयपुर में और फिर मणिपुर के इंफाल में उनकी रैली होगी। उनकी पहली रैली पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में है। कूच बिहार में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर हमला बोला।

तंज कसते हुए कहा कि अगर आपको बौखलाहट देखनी है, तो दीदी को देख सकते हैं। चुनाव आयोग की कार्रवाई को देखकर दीदी डर गई हैं। दीदी ने बंगाल के विकास के लिए कुछ नहीं किया है। मैं देख सकता हूं कि बंगाल अब दीदी के शिकंजे से आजाद होना चाहता है।

मोदी ने कहा, "आप यह जितना मोदी मोदी करते हैं, उससे स्पीड ब्रेकर दीदी की नींद उड़ जाती है। दीदी चैन से सो नहीं पा रही और इलेक्शन कमीशन पर गुस्सा निकाल रही हैं। जमीन खिसकना क्या होता है, यह दीदी का गुस्सा और बौखलाहट देखकर समझा जा सकता है। मुझ पर आजकल गालियों की जो बौछार हो रही है, चुनाव आयोग पर वह जिस तरह भड़क रही हैं, उससे भी पता चलता है कि दीदी कितनी डरी हुई हैं।

ये भी पढ़ें...पीएम मोदी पहली बार वोट डालने वाले वोटरों से आज करेंगे बात

दीदी दिन रात सिर्फ एक ही बात कर रही हैं- मोदी हटाओ, मोदी हटाओ। वोट बैंक पॉलिटिक्स के लिए दीदी, मां (भारत) को भुलाकर टुकड़े करने वालों के साथ खड़ी हो गईं। पश्चिम बंगाल के लोगों को टीएमसी के गुंडों के हवाले कर उन्होंने मानुष को खतरे में डाल दिया है। दीदी उन लोगों का साथ दे रही हैं जो भारत के दो प्रधानमंत्री चाहते हैं। एक सपूत जिसने एक प्रधान, एक निशान, एक विधान के लिए अपना बलिदान दे दिया, वह श्यामाप्रसाद मुखर्जी इसी बंगाल की धरती के थे।"

मोदी के मुताबिक- पश्चिम बंगाल में कम्युनिस्टों के शासन के बाद इस तरह सरकार चलाई जाएगी, इसकी उम्मीद किसी को नहीं थी। मां शारदा को पूरा देश पूजता है, उनसे हम ज्ञान, सद्बुद्धि मांगते हैं, लेकिन इन्होंने बंगाल को सारदा स्कैम से बदनाम कर दिया। क्या दीदी ने आपको बताया कि क्यों पश्चिम बंगाल में 7वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू नहीं की जा रही हैं? क्या दीदी ने आपको बताया कि क्यों परीक्षा पास करने के बावजूद, हजारों युवाओं की नौकरी पर ब्रेक लगा दिया गया है।

दीदी का असली चेहरा दुनिया के सामने लाना जरूरी है। ये धरती इतने सामर्थ्य से भरी हुई है लेकिन वे पश्चिम बंगाल की संस्कृति, यहां के गौरव और यहां के नागरिकों के जीवन को तबाह करने पर तुली हुई हैं।

त्रिपुरा में बोले पीएम मोदी:

त्रिपुरा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि त्रिपुरा आज देश भर में परिवर्तन का प्रतीक बन चुका है। मैं त्रिपुरा से बहुत प्रभावित हूं, जिस तरह यहां के लोगों ने अपने राज्य के विकास के लिए सिर्फ और सिर्फ भारतीय जनता पार्टी पर भरोसा किया है यह बहुत सराहनीय है। आपने टीएमसी और वाम दलों को खारिज कर के आपने भाजपा में अपना विश्वास दोहराया है।

पीएम मोदी ने कहा कि पूरे विपक्ष ने मोदी के खिलाफ गैंग लिया है। वे पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं। वे यहां भले ही दो अलग-अलग दलों के रूप में दिखाई दे सकते हैं, लेकिन वे दिल्ली में एक साथ हैं। यहां पर वर्षों से ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस चुनाव लड़ती थी, लेकिन कभी भी आपने उसको स्वीकार्य नहीं किया। आपने लेफ्ट के जुल्म को सहा, लेकिन भाजपा बड़ी हो उसका आपने इंतजार किया। जैसे ही भाजपा में आपको ताकत नजर आई, आपने पूरा त्रिपुरा दे दिया।

कांग्रेस और लेफ्ट मिलकर मोदी को हटाने में जुटे हैं, फिर चाहे उन्हें वैसी ही बात क्यों ना करनी पड़े जैसी पाकिस्तान करता है। ये ऐसे महामिलावटी हैं जो त्रिपुरा और केरल में दिखाने के लिए अलग-अलग लड़ते हैं, लेकिन दिल्ली में चौकीदार को गाली देने के लिए एक साथ खड़े हो जाते हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और लेफ्ट यहां पर कुश्ती करते हैं और वहां पर दोस्ती करते हैं। ये दिखावे के लिए अलग-अलग दिखते हैं, लेकिन भारत के टुकड़े करने की इच्छा रखने वालों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हो जाते हैं। कांग्रेस पार्टी के 50 से 60 पेज के ढकोसला पत्र में एक बार भी मध्यम वर्ग का एक शब्द भी नहीं है। मध्यम वर्ग के प्रति इतनी नफरत और गुस्सा इसलिए है क्योंकि उनको लग रहा है कि मध्यम वर्ग ने मोदी को जिता दिया है। मध्यम वर्ग ईमानदार होता है। मध्यम वर्ग कानून का पालन करने वाला होता है। मध्यम वर्ग छोटे-मोटे हर टैक्स भरता है। उसी को खत्म कर दोगे तो देश का भला कैसे करोगे। कांग्रेस के लिए सत्ता पैसा कमाने का माध्यम होता है, हमारे लिए सत्ता सेवा करने का माध्यम है।

ये भी पढ़ें...कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार एक्सीलेटर पर, विकास वेंटीलेटर पर: PM मोदी

 

Tags: