राजद ने अन्नपूर्णा देवी को पार्टी से निकाला, गौतम राणा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त

राजद ने झारखंड प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी को पार्टी से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया। उनके स्थान पर पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गौतम सागर राणा को फिर से प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

Update: 2019-03-25 16:56 GMT

रांची: राजद ने झारखंड प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी को पार्टी से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया। उनके स्थान पर पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गौतम सागर राणा को फिर से प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

राजद के प्रदेश महासचिव संजय सिंह यादव ने एक बयान में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने अन्नपूर्णा देवी को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है।लालू प्रसाद चारा घोटाले में न्यायिक हिरासत में रिम्स में भर्ती हैं।

यह भी पढ़ें.......चुनाव खर्च पर सख्त निगरानी के लिये आयोग पर्यवेक्षकों की संख्या बढ़ायेगा

पिछले वर्ष राजद की प्रदेश अध्यक्ष बनायी गयीं अन्नपूर्णा देवी आज नयी दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास एवं भाजपा के महासचिव तथा सांसद भूपेन्द्र यादव की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हो गयीं। उनके साथ राजद के पूर्व विधायक तथा मंत्री जनार्दन पासवान भी भाजपा में शामिल हुए।

अन्नपूर्णा देवी ने भाजपा में शामिल होने का निर्णय तब किया जब राज्य में महागठबंधन ने राजद को लोकसभा चुनावों के लिए सिर्फ पलामू की एक सीट देने का कल फैसला किया।

यह भी पढ़ें.......लोकसभा चुनाव : कवि सम्मेलन के माध्यम से किया मतदान के लिए जागरूक

अन्नपूर्णा देवी कोडरमा से राजद की विधायक रही हैं और राज्य में हेमंत सोरेन सरकार में मंत्री रही हैं। राजद ने महागठबंधन से पलामू के अलावा चतरा की सीट देने की मांग की थी जिसके लिए कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा और झारखंड विकास मोर्चा का गठबंधन तैयार नहीं हुआ।

इस बीच, भाजपा ने राज्य में अपने हिस्से की तेरह सीटों में से दस पर उम्मीदवार घोषित कर दिये थे जबकि रांची, कोडरमा और चतरा की सीटों पर अभी उसने उम्मीदवार घोषित नहीं किये थे जबकि पिछले लोकसभा चुनावों में इन सभी सीटों पर उसके उम्मीवार चुनाव जीते थे।

यह भी पढ़ें.......कांग्रेस ने घोषित किए 31 उम्मीदवार,संजय निरूपम मुंबई (N-W) सीट से लड़ेंगे चुनाव

इस बीच झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अन्नपूर्णा देवी के भाजपा में शामिल होने के फैसले का स्वागत किया है और कहा है कि उनके पार्टी में शामिल होने से राज्य में भाजपा और मजबूत होगी।

(भाषा)

Tags: