IND vs SL: भारत बनाम श्रीलंका टी20 मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले 3 बल्लेबाज, 2 नहीं हैं इस सीरीज का हिस्सा

IND vs SL:भारत और श्रीलंका के बीच अब तक खेले गए टी20 मैचों के दौरान सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों पर एक नजर डालते हैं।

Report :  Kalpesh Kalal
Update: 2024-07-27 03:37 GMT

IND vs SL (Source_Social Media)

IND vs SL: टी20 वर्ल्ड कप की चैंपियन भारतीय क्रिकेट टीम आज से श्रीलंका के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज को शुरू करने जा रही है। भारत और श्रीलंका के बीच श्रीलंका की सरजमीं पर होने वाली इस टी20 सीरीज के लिए दोनों ही टीमें तैयार हैं और वो यहां एक-दूसरे को कड़ी टक्कर देंगे। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया श्रीलंका को उनके घर में मात देने की पूरी कोशिश करेगी। लेकिन चरिथ असालंका की टीम भारत को टक्कर देने का माद्दा रखती है।

भारत-श्रीलंका टी20 मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले 3 बल्लेबाज

भारत और श्रीलंका के बीच अब तक खेले गए टी20 इंटरनेशनल मैचों का एक बड़ा इतिहास है। दोनों ही टीमों के बीच कईं टी20 सीरीज के साथ ही टूर्नामेंट में आमना-सामना हुआ है। दोनों ही टीमों के बीच खेले गए टी20 इंटरनेशनल मैचों में कुछ बल्लेबाजों ने अपना दमखम दिखाया है। तो चलिए देखते हैं भारत-श्रीलंका के बीच खेले गए टी20 मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले 3 बल्लेबाज

3. शिखर धवन (भारत)- 375

भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज सलामी बल्लेबाज रहे शिखर धवन पिछले काफी समय से टीम इंडिया से दूर हैं। शिखर धवन को टीम इंडिया में मौका नहीं मिल रहा है, लेकिन इस खिलाड़ी ने श्रीलंका के खिलाफ काफी शानदार प्रदर्शन किया है। धवन ने भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए मैचों में खूब रन कूटे हैं। उन्होंने अपने करियर में श्रीलंका के खिलाफ 12 मैच खेले जिसमें 11 पारियों में उन्होंने 37.50 की औसत और 129.31 की स्ट्राइक रेट से 375 रन बनाए। धवन ने इस दौरान 3 फिफ्टी भी लगाई।

2. रोहित शर्मा (भारत)- 411

भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज खिलाड़ी और पूर्व टी20 कप्तान रोहित शर्मा ने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर से तो संन्यास ले लिया है, लेकिन इनका रूतबा श्रीलंका के खिलाफ अलग ही देखने को मिलता रहा था। हिटमैन ने श्रीलंका के खिलाफ टी20 मैचों में काफी जबरदस्त प्रदर्शन किया है। उन्होंने भारत-श्रीलंका के बीच खेले गए मैचों में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ 19 मैच की 17 पारियों में करीब 25 की औसत और 144 की स्ट्राइक रेट से 411 रन बनाए हैं। इस दौरान रोहित ने लंका के खिलाफ 1 शतक के साथ 1 अर्धशतक लगाया।

1. दासुन शनाका (श्रीलंका)- 430

श्रीलंका के पूर्व कप्तान दासुन शनाका इस टीम के एक बहुत ही उपयोगी ऑलराउंडर खिलाड़ी हैं। दासुन शनाका ने कईं मौकों पर बल्ले से खूब दम दिखाया है। जिसमें उनका बल्ला भारत के खिलाफ काफी अच्छा बोलता है। इस श्रीलंकाई खिलाड़ी ने भारत के खिलाफ खेले गए टी20 मैच में कमाल का प्रदर्शन किया है। दासुन शनाका के नाम भारत-श्रीलंका मैचों में सबसे ज्यादा टी20 रन बनाने का रिकॉर्ड है। उन्होंने भारत के खिलाफ खेले 22 टी20 मैच में करीब 141 की स्ट्राइक रेट और 30.71 की औसत से 430 रन बनाए हैं।

Tags:    

Similar News