Paris Olympic 2024: ओलंपिक में दिखा ‘चक दे इंडिया’ भारतीय हॉकी टीम ने की जीत के साथ शुरुआत

Paris Olympic 2024: भारतीय हॉकी टीम ने पहले मैच में न्यूजीलैंड को 3-2 से हराकर जीत के साथ की शुरुआत

Report :  Kalpesh Kalal
Update: 2024-07-28 05:44 GMT

Paris Olympic 2024 (Source_Social Media)

Paris Olympic 2024: फ्रांस की राजधानी पेरिस में खेले जा रहे पेरिस ओलंपिक खेल 2024 का रोमांच सिर चढ़कर बोल रहा है। इन ओलंपिक खेलों में पूरे भारत की नजरें ओलंपिक खेलने गए हमारे एथलीट्स पर है जहां भारतीय हॉकी टीम का जलवा देखने को मिला है। भारतीय हॉकी टीम ने ओलंपिक में अपने पहले मैच में न्यूजीलैंड को रोमांचक मैच में 3-2 से हराकर जीत के साथ शुरुआत की है।

भारतीय हॉकी टीम ने न्यूजीलैंड को 3-2 से मात दी

2020 में टोक्यो में खेले गए ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता टीम न्यूजीलैंड से भारतीय हॉकी टीम का पहले मैच में टक्कर हुई। इस मैच में रोमांच अपने पूरे चरम पर रहा, जहां मैच में आखिरी पलों तक 2-2 की बराबरी पर थी, ऐसे में लगने लगा था कि ये मैच बराबरी पर खत्म हो सकता है और भारत को न्यूजीलैंड से अपने अंक साझा करने पड़ेगे।

मैच खत्म होने से 5 मिनट पहले भारत ने किया विजयी गोल

लेकिन आखिरी मोमेंट में भारत ने जोरदार वापसी करते हुए तीसरा गोल कर न्यूजीलैंड को 3-2 से मात दे दी। जहां मैच का फुल टाइम होने में 5 मिनट का समय बाकी था, तभी भारत के स्टार खिलाड़ी हरमनप्रीत ने पेनल्टी स्ट्रोक का फायदा उठाते हुए शानदार गोल कर भारत के लिए तीसरा गोल कर विजय बढ़त दिला दी और इसके साथ ही भारत ने न्यूजीलैंड को 3-2 से हराकर अंक का खाता जीत के साथ खोला है।

पहले हाफ में 1-1 से बराबरी पर था मैच, भारत ने 3-2 से जीता मैच

अब पूरे मैच के हाल की बात करें तो न्यूजीलैंड ने जबरदस्त शुरुआत की और पहले क्वार्टर की शुरुआत में ही यानी मैच के 8वें मिनट में ही गोल दाग दिया। न्यूजीलैंड के लिए पहला गोल सैम लेन ने किया। इसके बाद भारत ने दूसरे क्वार्टर में वापसी करते हुए 24वें मिनट में मनदीप सिंह के गोल की मदद से स्कोर को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। हाफ टाइम तक दोनों ही टीमें 1-1 की बराबरी पर थी। भारत ने 34वें मिनट में एक और गोल कर भारत की बढ़त को 2-1 कर दिया। लेकिन कुछ देर बाद ही न्यूजीलैंड ने 53वें मिनट में एक और गोल कर स्कोर को 2-2 से बराकर कर दिया। यहां से भारत के लिए वापसी आसान नहीं थी, लेकिन 59वें मिनट में हरमनप्रीत के गोल के साथ ही भारत ने मैच को 3-2 से जीत लिया।

Tags:    

Similar News