CWG 2022: भारतीय स्टार शटलर पीवी सिंधु का बड़ा बयान, पेरिस ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतना है लक्ष्य

Commonwealth Games 2022: भारतीय स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने बताया कि उनका आखिरी लक्ष्य 2024 पेरिस ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतना है। साथ ही उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने की उम्मीद है।

Written By :  Aakash Mishra
Update: 2022-07-30 11:05 GMT

PV Sindhu (Image credit: Twitter)

Commonwealth Games 2022: दो बार की ओलंपिक पदक विजेता स्टार भारतीय शटलर पीवी सिंधु (PV Sinshu) कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में अपनी चुनौती पेश कर रही हैं। पीवी सिंधु का लक्ष्य पेरिस ओलंपिक (Paris Olympic) में स्वर्ण पदक जीतना है। लेकिन फिलहाल उनका सारा ध्यान कॉमनवेल्थ गेम्स पर है। सिंधु अब तक कॉमनवेल्थ गेम्स दो बार पदक जीत चुकी हैं। उन्होंने 2014 में कांस्य और पिछली बार गोल्ड कोस्ट 2018 में राजद पदक जीता था। सिंधु इस बार अपने पदक का रंग बदलना चाहती है। इसके बाद वह 22 से 28 अगस्त के बीच टोक्यो में होने वाली विश्व चैंपियनशिप का खिताब जीतने की कोशिश करेंगी।

कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने की उम्मीद

सिंधू ने पीटीआई से बातचीत में कहा कि, ''मेरा आखिरी लक्ष्य 2024 में पेरिस ओलंपिक है लेकिन अभी मेरा ध्यान कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने और विश्व चैंपियनशिप पर है। राष्ट्रमंडल खेलों में चैंपियन बनना बड़ी उपलब्धि है। आखिर ये खेल चार साल में एक बार होते हैं। अपने देश का प्रतिनिधित्व करना निश्चित रूप से गर्व की बात है। मुझे इस बार स्वर्ण पदक जीतने की उम्मीद है।'

ताई जु यिंग की चुनौती को करना होगा पार

सिंधु ने हाल ही में सिंगापुर ओपन का खिताब अपने नाम किया हैं। हालाँकि, वह पिछले कुछ समय से ताई जु यिंग की चुनौती को पार नहीं कर पा रही है। उन्हें हाल ही में सिंगापुर ओपन से ठीक पहले मलेशिया मास्टर्स के क्वार्टरफाइनल में ताई जु यिंग ने हराया था। सिंधु ने ताई जु यिंग के खिलाफ लगातार सात मैच गंवाए है। उन्होंने यिंग के खिलाफ आखिरी मुकाबला 2019 विश्व चैंपियनशिप में जीता था। इसके अलावा सिंधु को स्पेन की कारोलिना मारिन और कोरिया की आन से यंग के खिलाफ भी संघर्ष करना पड़ता है।

इस बारे में पूछे जाने पर सिंधू ने कहा, ''ऐसा नहीं है कि मैं उन्हें हरा नहीं सकती। हर मैच मायने रखता है। यह सिर्फ उस विशेष दिन पर निर्भर करता है। हर खिलाड़ी की खेल की अपनी शैली होती है। आपको उसी हिसाब से अपनी रणनीति तय करनी होती है क्योंकि जैसे मैंने पहले कहा था कि उस दिन के प्रदर्शन पर काफी कुछ निर्भर करता है। ऐसा कई बार हुआ है जबकि वरीयता प्राप्त खिलाड़ी पहले दौर में बाहर हो गई इसलिए ये काफी हद तक कोर्ट की परिस्थितियों पर भी निर्भर करता है।''

सिंधु ने बताया कि फिट रहना है बेहद जरूरी। उन्होंने कहा, "यह बहुत जरूरी है कि आप शारीरिक तौर पर फिट रहे। आपको अपने शरीर का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। यह केवल कोर्ट पर मौजूद होने के वक्त ही नहीं बल्कि कोर्ट के बाहर भी आपको खुद पर ध्यान देना होता है। आपको फिट रहना जरूरी है क्योंकि टूर्नामेंट लगातार होते रहते हैं।"

Tags:    

Similar News