IND vs WI 1st T20: क्रिकेट फैंस भूल रहे थे DK का नाम!, अब बने टी-20 के सबसे बड़े फिनिशर

IND vs WI 1st T20: टीम इंडिया के लिए जो भूमिका महेंद्र सिंह धोनी निभाते थे वो ही काम अब दिनेश कार्तिक करते नज़र आ रहे हैं। क्रिकेट पंडितों का मानना हैं कि धोनी के चलते दिनेश कार्तिक कभी टीम में अपना स्थान पक्का नहीं कर पाए।

Written By :  Suryakant Soni
Update: 2022-07-30 06:36 GMT

IND vs WI 1st T20: वेस्टइंडीज को पहले टी-20 मैच में हराकर भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। रोहित शर्मा से कम रन बनाने के बावजूद इस मैच के हीरो दिनेश कार्तिक रहे। एक समय भारत का स्कोर 160 रन दिखाई दे रहा था। लेकिन टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में शुमार दिनेश कार्तिक ने आतिशी पारी खेलकर स्कोर को 190 तक पहुंचा दिया। इससे भारतीय गेंदबाज़ों का काम बड़ा आसान हो गया। वेस्टइंडीज के बल्लेबाज़ बड़े स्कोर का पीछा करते हुए दबाब में अपना विकेट गंवा गए और मेजबान टीम पहला टी-20 मैच 68 रनों से हार गई।

टी-20 के सबसे बड़े फिनिशर:

टीम इंडिया के लिए जो भूमिका महेंद्र सिंह धोनी निभाते थे वो ही काम अब दिनेश कार्तिक करते नज़र आ रहे हैं। क्रिकेट पंडितों का मानना हैं कि धोनी के चलते दिनेश कार्तिक कभी टीम में अपना स्थान पक्का नहीं कर पाए। क्योंकि दिनेश कार्तिक विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में टीम से जुड़े थे। उस समय धोनी यह रोल टीम इंडिया के लिए बखूबी निभाते थे। लेकिन अब धोनी के संन्यास के बाद दिनेश कार्तिक लगातार बतौर बल्लेबाज खेल रहे हैं। और इस समय टी-20 के सबसे बड़े फिनिशर का तमगा भी हासिल कर चुके हैं।

कार्तिक ने सिर्फ 19 गेंदों पर ठोके 41 रन:

वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी-20 में भारत ने 16 ओवर में 138 रनों पर 6 महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए थे। ये मैच का वो समय था जब मेजबान टीम का पलड़ा भारत से भारी नज़र आ रहा था। लेकिन इसके बाद दिनेश कार्तिक अपनी लय में नज़र आए। कार्तिक ने सिर्फ 19 गेंदों पर 4 चौके और 2 छक्के लगाकर 41 रन बना दिए। इस पिच पर बड़े शॉट खेलने आसान नहीं थे लेकिन कार्तिक ने बिना रिस्क वाले शॉट खेलकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया। यह पहला मौका नहीं था जब कार्तिक ने पारी के अंतिम ओवरों में अपने दम पर मैच का पासा पलट दिया हो।

राजकोट में भी खेली थी ऐसी ही पारी:

दिनेश कार्तिक ने पिछले महीने साउथ अफ्रीका के खिलाफ राजकोट के मैदान पर भी ऐसी ही पारी खेली थी। अफ्रीका के खिलाफ कार्तिक ने 27 बॉल पर 55 रनों की धुआंधार पारी खेली थी। इस पारी में कार्तिक ने 2 छक्के और 9 चौके लगाए थे। कार्तिक को जब भी मौका मिला वो अपने खेल से सभी को प्रभावित कर रहे हैं।

Tags:    

Similar News