मोेहाली टेस्ट: अश्विन ने जड़ी हाफ सेंचुरी, इंग्लैंड से 12 रन पीछे टीम इंडिया, स्कोर 271/6

Update: 2016-11-27 13:18 GMT

मोहाली: टीम इंडिया ने मोहाली टेस्ट में दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक पहली पारी में 6 विकेट के नुकसान पर 271 रन बना लिए है। अश्विन और जडेजा क्रीज पर हैं। दोनों बल्लेबाजों ने टीम की लड़खड़ाती पारी को सहारा दिया, क्योंकि टीम इंडिया ने 204 रन पर 6 विकेट खो दिए थे। अश्विन और जडेजा ने 7वें विकेट के लिए 67 रनों की साझेदारी की। भारत अब भी इंग्लैंड से 12 रन पीछे है। विराट कोहली 62 रन बनाकर आउट हुए, वहीं पार्थिव पटेल 8 साल बाद हाफ सेंचुरी लगाने से चूक गए। बता दें कि इंग्लैंड की पहली बारी 283 रन पर ऑल आउट हुई थी।

पार्थिव पटेल और मुरली विजय पारी की शुरुआत करने मैदान पर उतरे, लेकिन मुरली विजय 12 रन बनाकर ही बेन स्टोक्स का शिकार बन गए। इसके बाद पार्थिव और पुजारा ने लंच तक 60 रन जोड़े। पार्थिव आठ साल बाद आठ रन से हाफ सेंचुरी बनाने से चूक गए। वह 42 रन पर आउट हुए। उन्हें आदिल राशिद ने LBW किया। इसके बाद विराट मैदान पर बल्लेबाजी करने आए। विराट और पुजारा के बीच तीसरे विकेट के लिए 50 रन की पार्टनरशिप हुई, लेकिन लंच के बाद टीम लड़खड़ा गई और एक के बाद एक तीन विकेट गिर गए।

टीम इंडिया का स्कोर जब 200 रन के पार पहुंचा तो कोहली के रूप में छठा विकेट भी गिर गया। उन्हें स्टोक्स की गेंद पर विकेटकीपर बेयरस्टो ने स्टंप्स के पीछे कैच कर लिया। उनके आउट होने के बाद अश्विन और जडेजा ने मोर्चा संभाला। अश्विन ने टेस्ट करियर की 9वीं हाफ सेंचुरी जड़ी और जडेजा ने उनका बखूबी साथ निभाया।

Similar News