Paris Olympics 2024: भारत ने हॉकी में स्पेन को 2-1 से हराकर जीता ब्रॉन्ज मेडल,कप्तान हरमनप्रीत ने किए दोनों गोल, प्रेसिडेंट और पीएम ने दी बधाई

Paris Olympics 2024: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने स्पेन को 2-1 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया। सेमीफाइनल मुकाबले में जर्मनी से 3-2 से हारने के बाद आज भारतीय टीम ने स्पेन के खिलाफ शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-08-08 13:57 GMT

भारत ने हॉकी में स्पेन को 2-1 से हराकर जीता ब्रॉन्ज मेडल,कप्तान हरमनप्रीत ने किए दोनों गोल: Photo- Social Media

Paris Olympics 2024: पेरिस ओलंपिक में आज भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने स्पेन को 2-1 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया। सेमीफाइनल मुकाबले में जर्मनी से 3-2 से हारने के बाद आज भारतीय टीम ने स्पेन के खिलाफ शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। भारत को जीत दिलाने में कप्तान हरमनप्रीत सिंह की बड़ी भूमिका रही जिन्होंने पेनल्टी कॉर्नर से दोनों गोल किए। हाफ टाइम तक दोनों टीमों का स्कोर 1-1 से बराबर था।

Photo- Social Media

इस जीत के जरिए भारतीय हॉकी टीम ने अपने गोलकीपर पीआर श्रीजेश को शानदार विदाई दी है जो भारत के लिए अपना आखिरी मैच खेल रहे थे। श्रीजेश ने इस मैच में भी शानदार बचाव करते हुए स्पेन के कई हमलों को नाकाम कर दिया। स्पेन को मैच के आखिरी मिनट में भी पेनल्टी कार्नर मिला था जिसे श्रीजेश ने नाकाम कर दिया। पेरिस ओलंपिक के दौरान भारतीय हॉकी टीम ने ऑस्ट्रेलिया की मजबूत टीम को भी हराया था।

लगातार दूसरे ओलंपिक में जीता मेडल

हॉकी में ब्रॉन्ज मेडल जीतने के साथ ही भारत ने चौथा मेडल जीत लिया है। भारतीय हॉकी टीम ने लगातार दूसरे ओलंपिक में मेडल जीतने में कामयाबी हासिल की है। इससे पहले टोक्यो ओलंपिक खेल में भी भारतीय हॉकी टीम ने ब्रॉन्ज मेडल जीता था। हॉकी में ओवरऑल भारत का ओलंपिक में यह 13वां मेडल है। इनमें आठ गोल्ड मेडल भी शामिल हैं।

भारतीय हॉकी टीम इस बार सेमीफाइनल तक पहुंची थी मगर सेमीफाइनल के दौरान भारत को जर्मनी ने हराकर फाइनल में पहुंचने से रोक दिया था। भारतीय टीम सेमीफाइनल मुकाबले भले ही हार गई हो मगर आज के मैच में टीम ने कोई चूक नहीं की और ब्रॉन्ज मेडल जीतने में कामयाबी हासिल की।

Photo- Social Media

स्पेन की टीम ने दागा पहला गोल

भारत को आज मिली इस जीत में कप्तान हरमनप्रीत सिंह हीरो रहे जिन्होंने दोनों गोल दाग कर भारत को जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई। दोनों टीमों के बीच हुए इस मुकाबले में तगड़ी जंग देखने को मिली। पहले क्वार्टर के दौरान दोनों टीमों ने एक-दूसरे के खिलाफ खूब हमले किए। हालांकि दोनों ही टीमें एक भी गोल करने में कामयाब नहीं हो सकीं। 

दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में ही स्पेन के मिरालेस ने गोल करके अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। स्पेन ने यह गोल पेनल्टी स्ट्रोक पर किया।

हरमनप्रीत के गोल से भारत ने की बराबरी

भारतीय टीम ने दूसरे हाफ के समाप्त होने से ठीक पहले गोल किया और स्कोर को 1-1 कर लिया। भारत की ओर से यह गोल कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने किया। भारतीय कप्तान ने बुलेट स्ट्राइक से स्पेनिश डिफेंस को हरा दिया और भारत को बराबरी पर ला दिया। दूसरे क्वार्टर की समाप्ति पर दोनों टीमों का स्कोर 1-1 से बराबरी पर था।

Photo- Social Media

तीसरे क्वार्टर में हरमनप्रीत का दूसरा गोल

भारत ने तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में गोल दाग कर मैच में बढ़त बना ली। भारत ने यह गोल भी पेनल्टी कॉर्नर से किया। एक बार फिर कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गोल कर भारत को 2-1 से आगे कर दिया। भारत ने 33वें मिनट में यह गोल करते हुए स्पेन की टीम पर दबाव बढ़ा दिया।

भारतीय टीम ने लीड लेने के बाद स्पेन पर लगातार हमले जारी रखे। भारतीय टीम भले ही स्पेन के खिलाफ कोई गोल नहीं कर सकी मगर उसने स्पेन को भी गोल करने नहीं दिया।स्पेन ने समय निकलता देख आखिरी तीन मिनट में अपने गोलकीपर को भी बाहर भेज दिया। आखिरी चरणों में स्पेन की टीम ने ऑलआउट अटैक किया। एक समय तो भारतीय हॉफ में स्पेन के 11 खिलाड़ी नजर आ रहे थे, लेकिन भारतीय डिफेंडर्स ने स्पेन को बराबरी का कोई मौका नहीं दिया। आखिरकार भारतीय टीम ब्रॉन्ज मेडल जीतने में कामयाब रही

Photo- Social Media

टूर्नामेंट में हरमनप्रीत ने किए 10 गोल

इस मैच के दौरान कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने शानदार खेल दिखाया और टीम इंडिया को जीत दिलाने में प्रमुख भूमिका निभाई। भारत की ओर से किए गए दोनों गोल कप्तान हरमनप्रीत ने ही किए। पेरिस ओलंपिक के दौरान हरमनप्रीत ने 10 गोल किए हैं।

इस पूरे टूर्नामेंट में हरमनप्रीत सिंह ने फ्रंट पर रहते हुए टीम को लीड किया और भारत के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी भी रहे। भारत ने इसके साथ ही लगातार दूसरी बार ओलंपिक में मेन्स हॉकी इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया। ओलंपिक इतिहास में भारत का हॉकी में यह 13वां पदक रहा।

भारत की इस जीत में कप्तान गोलकीपर पीआर श्रीजेश की भी बड़ी भूमिका रही। आज के मैच के दौरान भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्पेन के कई हमलों को नाकाम कर दिया। स्पेन की टीम को आखिरी मिनट में भी गोल करने का बड़ा मौका मिला था मगर श्रीजेश ने इसे भी नाकाम कर दिया।

स्पेन के खिलाफ भारत का शानदार रिकॉर्ड

ओलंपिक में स्पेन के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड काफी अच्छा रहा है। आज से पहले दोनों टीमों के बीच अभी तक 10 मैच खेले गए हैं जिनमें सात मैचों में भारत ने जीत हासिल की है। दोनों टीमों के बीच दो मैच ड्रॉ रहे हैं जबकि एक मैच में इस स्पेन ने भारत को हराने में कामयाबी हासिल की है।

वैसे यदि पिछले 10 वर्षों की बात की जाए तो दोनों टीमों के बीच 16 मैच खेले गए हैं। इनमें 6 मैच में भारत और पांच मैचों में स्पेन की टीम ने जीत हासिल की। पांच मैच बराबरी पर छूटे।

ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम के पदक

-एम्स्टर्डम 1928 में स्वर्ण

-लॉस एंजलिस 1932 में स्वर्ण

-बर्लिन 1936 में स्वर्ण

-लंदन 1948 में स्वर्ण

-हेलसिंकी 1952 में स्वर्ण

-मेलबर्न 1956 में स्वर्ण

-टोक्यो 1956 में स्वर्ण

-मॉस्को 1980 में स्वर्ण

-रोम 1960 में रजत

-मैक्सिको 1968 में कांस्य

-म्यूनिख 1972 में कांस्य

-टोक्यो 2020 में कांस्य

-पेरिस 2024 में कांस्य

Photo- Social Media

हमारी हॉकी टीम को हार्दिक बधाई- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारतीय हॉकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि "पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक हासिल करने के लिए हमारी हॉकी टीम को हार्दिक बधाई! पांच दशक से भी ज़्यादा समय के बाद भारत ने लगातार दो ओलंपिक खेलों में कांस्य पदक जीते हैं। भारतीय हॉकी के पुनरुत्थान के लिए टीम सबसे ज़्यादा प्रशंसा की हकदार है। उन्होंने भारत को गौरवान्वित किया है। इस टीम द्वारा दिखाई गई निरंतरता, कौशल, एकजुटता और लड़ने की भावना हमारे युवाओं को प्रेरित करेगी। भारतीय हॉकी टीम को बधाई!"

Photo- Social Media

पीएम मोदी ने दी बधाई 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम को स्पेन को 2-1 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर बधाई दिया है। उन्होंने कहा कि "भारत ने हॉकी में स्पेन को 2-1 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीता, कैप्टन हरमनप्रीत ने दोनों गोल से जीत हासिल की: फोटो- सोशल मीडिया आजाद एक उपलब्धि जो आने वाली पीढ़ियों के लिए संजोकर रखी जाएगी!

भारतीय हॉकी टीम ने ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता! यह और भी खास है क्योंकि यह ओलंपिक में उनका लगातार दूसरा पदक है। उनकी सफलता कौशल, दृढ़ता और टीम भावना की जीत है। उन्होंने बहुत हिम्मत और लचीलापन दिखाया। खिलाड़ियों को बधाई।

हर भारतीय का हॉकी से भावनात्मक जुड़ाव है और यह उपलब्धि हमारे देश के युवाओं के बीच इस खेल को और भी लोकप्रिय बनाएगी।


Photo- Social Media

आप हमारे चैंपियन हैं- सीएम योगी 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टीम इंडिया को पेरिस ओलंपिक-2024 की हॉकी प्रतिस्पर्धा में कांस्य पदक जीतने की हार्दिक बधाई दी है और कहा कि "आप हमारे चैंपियन हैं। भारत को आप पर गर्व है।"

Tags:    

Similar News