Vinesh Phogat Disqualify: विनेश के साथ हुई साजिश, जिसका था डर वही हुआ
Conspiracy on Vinesh Phogat: विनेश फोगाट के साथ साजिश हुई है। परिवार वालों ने खेल फेडरेशन पर बड़े आरोप लगाए हैं।;
Conspiracy on Vinesh Phogat
Vinesh Phogat in Olympic 2024: फ्रांस की राजधानी पेरिस में हो रहे ओलपिंक प्रतियोगिता से भारत की पहलवान विनेश फोगाट को अयोग्य घोषित कर दिया गया। ये खबर न केवल विनेश और उनके परिवार के लिए दिल तोड़ने वाली है बल्कि देशभर के लोगों की उम्मीद टूट गई। दरअसल, विनेश फोगाट का आज मैच से पहले वजन किया गया तो 100 ग्राम ओवर वेट रहा। ऐसे में विनेश के ससुर का कहना है कि विनेश को इस बात का पहले ही अंदाजा था। जिसका डर था विनेश के साथ वही हुआ।
ओलपिंक जैसी बड़ी प्रतियोगिताओं में जब भी कोई खिलाड़ी हिस्सा लेता है तो खाने से लेकर हर छोटी-छोटी चीज की जिम्मेदारी कोच और सहयोगी टीम की होती है। ऐसे में विनेश फोगाट के ससुर राजपाल राठी का कहना है कि विनेश फोगाट के साथ जानबूझ कर साजिश की गई है। उन्होंने इसके लिए खेल फेडरेशन और फोगाट के कोच को जिम्मेदार ठहराया है। मालूम हो कि कल विनेश फोगाट ने 50 किलोग्राम के वजन में जीत दर्ज करके फाइनल में जगह बनाई थी। इससे कुश्ती के मैच में भारत का सिल्वर मेडल पक्का हो गया था। वहीं, आज अयोग्य घोषित किये जाने के बाद सिल्वर मेडल से भी हाथ धोना पड़ा। वहीं इस पर बात करते हुए पिता महावीर फोगाट ने कहा कि देश के साथ पूरा परिवार दुखी है। लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी है। उनकी बेटी 2028 में होने वाले ओलपिंक से गोल्ड मेडल लेकर आएंगी।
मां ने कहा था गोल्ड लाना बिटिया
कल महिला फ्रीस्टाइल 50 किलोग्राम कुश्ती के फाइनल में पहुंचने के बाद विनेश फोगाट ने अपनी मां से बात की थी। वीडियो कॉल पर उनको बात करने के दौरान भावुक भी देखा गया था। वीडियो के आखिरी समय में फोगाट को यह कहते हुए सुना जा सकता है, गोल्ड लाना है। विनेश ने अपनी मां से वादा किया था कि वह इस खेल में गोल्ड लेकर आएंगी। अब फाइनल में पहुंचने के बाद इस तरह ओवरवेट के बाद अयोग्य घोषित होने पर परिवार ने खेल फेडरेशन पर बड़े आरोप लगाए हैं।
अयोग्य घोषित करने की जांच हो- अखिलेश
वहीं, देश के लोग भी इस खबर से भावुक हो गए हैं। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि विनेश फोगाट के अयोग्य घोषित करने और मैच से बाहर होने की जांच होनी चाहिए। लिखा कि 'विनेश फोगाट के फ़ाइनल में न खेल पाने की चर्चा के तकनीकी कारणों की गहरी जाँच-पड़ताल हो और सुनिश्चित किया जाए कि सच्चाई क्या है और इसके पीछे की असली वजह क्या है।'
ओलंपिक का बहिष्कार हो
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने कहा कि ये विनेश का नही देश का अपमान है, पूरी दुनिया में इतिहास रचने जा रही थी, उनको 100 ग्राम ओवरवेट दिखाकर अयोग्य घोषित करना घोर अन्याय है। पूरा देश विनेश के साथ खड़ा है, भारत सरकार तुरंत हस्तक्षेप करे, अगर बात ना मानी जाए तो ओलंपिक का बहिष्कार करे।