Hero Flex Fuel Bikes Launch 2026: पेट्रोल के बढ़ते खर्च से राहत... Hero की नई Flex-Fuel बाइकें हुई लॉन्च, जानें कीमत और फायदे

Hero Flex Fuel Bikes Launch 2026: Hero MotoCorp ने Splendor+ और HF Deluxe के Flex-Fuel वर्जन लॉन्च कर दिए हैं, जो E20 से E85 तक के इथेनॉल मिश्रित ईंधन पर चल सकती हैं।

Update:2026-06-04 10:18 IST

Hero Flex Fuel Bike Launch 2026

Hero Flex Fuel Bikes Launch 2026: फ्यूल की बढ़ती कीमतों ने आम जन जीवन की रफ्तार को बुरी तरह से प्रभावित किया है। सबसे अधिक उन्हें जो बाइक से भागदौड़ करने वाले रोजगार से जुड़े रहते हैं। ऐसे में देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली मोटरसाइकिलों में शामिल Hero Splendor+ और HF Deluxe अब नए अवतार में आ गई हैं। Hero MotoCorp ने भारत की पहली फ्लेक्स-फ्यूल कम्यूटर बाइक लॉन्च कर दी है, जो E20 से लेकर E85 तक के इथेनॉल मिश्रित ईंधन पर चल सकती हैं। बढ़ती पेट्रोल कीमतों, प्रदूषण और आयातित कच्चे तेल पर निर्भरता कम करने की दिशा में इसे बड़ा कदम माना जा रहा है। खास बात यह है कि कंपनी ने नई तकनीक देने के बावजूद कीमतों को आम ग्राहकों की पहुंच में रखा है।

भारत में शुरू हुआ फ्लेक्स-फ्यूल टू-व्हीलर का नया दौर

भारत में लंबे समय से फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों की चर्चा हो रही थी, लेकिन अब हीरो मोटोकॉर्प ने इसे आम लोगों तक पहुंचाने की शुरुआत कर दी है। कंपनी ने अपनी दो सबसे लोकप्रिय मोटरसाइकिलों Splendor+ और HF Deluxe के फ्लेक्स-फ्यूल वर्जन लॉन्च कर दिए हैं। ये बाइक जुलाई 2026 से दिल्ली और महाराष्ट्र के चुनिंदा शहरों में बिक्री के लिए उपलब्ध होंगी। इसके बाद इन्हें चरणबद्ध तरीके से देशभर में लॉन्च किया जाएगा। Splendor+ Flex Fuel की एक्स-शोरूम कीमत 82,710 रुपये रखी गई है, जबकि HF Deluxe Flex Fuel की कीमत 72,792 रुपये है।

आखिर क्या होता है फ्लेक्स-फ्यूल?

फ्लेक्स-फ्यूल ऐसा वैकल्पिक ईंधन है जिसमें पेट्रोल के साथ इथेनॉल या मेथनॉल का मिश्रण होता है। फ्लेक्स-फ्यूल वाहन इस तरह डिजाइन किए जाते हैं कि वे अलग-अलग अनुपात वाले मिश्रित ईंधन पर आसानी से चल सकें।

उदाहरण के लिए E20 का मतलब है 20 प्रतिशत इथेनॉल और 80 प्रतिशत पेट्रोल, जबकि E85 में 85 प्रतिशत इथेनॉल और केवल 15 प्रतिशत पेट्रोल होता है। Hero की नई बाइकें E20 से E85 तक के मिश्रण को सपोर्ट करती हैं।

ऑटो एक्सपर्ट्स के अनुसार इथेनॉल आधारित ईंधन से कार्बन उत्सर्जन कम होता है और पेट्रोल पर निर्भरता घटती है। यही वजह है कि केंद्र सरकार भी लगातार इथेनॉल ब्लेंडिंग को बढ़ावा दे रही है।

बाइक के इंजन में क्या बदलाव किए गए हैं?

हीरो ने इंजन की मूल संरचना में बड़ा बदलाव नहीं किया है। दोनों मोटरसाइकिलों में पहले की तरह 97.2cc का सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया गया है। फ्लेक्स-फ्यूल को सपोर्ट करने के लिए कंपनी ने ECU (इलेक्ट्रॉनिक कंट्रोल यूनिट) को री-कैलिब्रेट किया है। इसके अलावा फ्यूल पंप, फ्यूल फिल्टर और ईंधन प्रणाली से जुड़े कई कंपोनेंट्स को अपग्रेड किया गया है ताकि E85 जैसे हाई इथेनॉल मिश्रण का प्रभाव इंजन पर न पड़े। कंपनी का दावा है कि ग्राहकों को प्रदर्शन और विश्वसनीयता के मामले में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।

पर्यावरण के लिए क्यों महत्वपूर्ण है यह तकनीक?

भारत दुनिया के सबसे बड़े तेल आयातक देशों में शामिल है। ऐसे में इथेनॉल आधारित ईंधन का इस्तेमाल बढ़ने से विदेशी तेल पर निर्भरता कम हो सकती है। साथ ही इथेनॉल जलने पर पारंपरिक पेट्रोल की तुलना में कम हानिकारक उत्सर्जन करता है। E85 फ्यूल को विशेष रूप से बेंजीन जैसे विषैले तत्वों के उत्सर्जन को कम करने के लिए जाना जाता है। इससे वायु प्रदूषण नियंत्रित करने में भी मदद मिल सकती है। सरकार 2070 तक नेट-जीरो उत्सर्जन लक्ष्य हासिल करने की दिशा में काम कर रही है और फ्लेक्स-फ्यूल वाहन इस रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माने जा रहे हैं।

कीमत में कितना फर्क आया?

नई तकनीक के बावजूद हीरो ने कीमतों को काफी संतुलित रखा है। HF Deluxe Flex Fuel की कीमत मौजूदा मॉडल की तुलना में केवल 172 रुपये ज्यादा है।

वहीं Splendor+ Flex Fuel के लिए ग्राहकों को लगभग 5,153 रुपये अतिरिक्त खर्च करने होंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि भविष्य में यदि इथेनॉल आधारित ईंधन की उपलब्धता बढ़ती है और इसकी कीमत पेट्रोल से कम रहती है तो यह अतिरिक्त लागत आसानी से वसूल हो सकती है।

सरकार भी बढ़ा रही है इथेनॉल ब्लेंडिंग

भारत सरकार पहले ही E20 ईंधन को बढ़ावा दे चुकी है। इसके बाद E22 और E30 जैसे उच्च इथेनॉल मिश्रण वाले ईंधनों के लिए भी दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं।

ऑटोमोबाइल कंपनियां आने वाले वर्षों में ऐसे वाहनों पर तेजी से काम कर रही हैं जो अधिक इथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन पर चल सकें। यही वजह है कि हीरो के बाद अन्य कंपनियों के भी फ्लेक्स-फ्यूल मॉडल बाजार में आने की उम्मीद है।

Maruti Suzuki भी कर रही तैयारी

टू-व्हीलर सेगमेंट के बाद चार पहिया वाहनों में भी फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक की एंट्री तेज हो सकती है। देश की सबसे बड़ी कार निर्माता मारुति सुजुकी भी फ्लेक्स-फ्यूल इंजन पर काम कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी अपनी लोकप्रिय कॉम्पैक्ट SUV Fronx का फ्लेक्स-फ्यूल वर्जन पेश कर सकती है।

ग्राहकों के लिए कितना महत्व रखता है यह लॉन्च?

Hero Splendor+ और HF Deluxe भारत के ग्रामीण और शहरी दोनों बाजारों में बेहद लोकप्रिय हैं। ऐसे में फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक का इन मॉडलों में आना केवल एक नया फीचर नहीं बल्कि देश के दोपहिया बाजार में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।

अगर आने वाले समय में E85 जैसे ईंधन की उपलब्धता बढ़ती है और कीमतें प्रतिस्पर्धी रहती हैं, तो यह तकनीक लाखों बाइक सवारों के ईंधन खर्च को कम करने के साथ-साथ पर्यावरण को भी फायदा पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभा सकती है।

Tags:    

Similar News