India Digital Usage Report 2026: युवा रोज 2 घंटे सोशल मीडिया पर, महिलाएं ऑनलाइन खरीदारी में सबसे आगे, रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
India Digital Usage Report 2026: युवा सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा समय बिता रहे हैं, जबकि महिलाएं ऑनलाइन शॉपिंग में सबसे आगे हैं।
India Digital Usage Report 2026
India Digital Usage Report 2026: डिजिटल क्रांति के बाद भारत की तस्वीर तेजी से बदल रही है। अब इंटरनेट सिर्फ मनोरंजन या बातचीत का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि यह लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी, खरीदारी, वित्तीय फैसलों और यहां तक कि कामकाज का भी अहम हिस्सा बन चुका है। शहरी इलाकों के साथ ही गांव की पगडंडियों तक इसकी गहरी पहुंच कायम हो चुकी है। एक नई रिपोर्ट ने दिखाया है कि शहरों में रहने वाले युवा सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा समय बिता रहे हैं, जबकि ऑनलाइन शॉपिंग और क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर महिलाओं की सक्रियता पुरुषों से कहीं अधिक है। साथ ही AI और फाइनेंशियल ऐप्स की बढ़ती लोकप्रियता यह संकेत दे रही है कि भारत का डिजिटल भविष्य पहले से कहीं अधिक तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।
सोशल मीडिया बना युवाओं की पहली पसंद
VTION और इंटरनेट एंड मोबाइल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (IAMAI) की संयुक्त रिपोर्ट के अनुसार, 18 से 24 वर्ष की आयु के शहरी युवा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सबसे अधिक समय बिताते हैं। इस आयु वर्ग के लोग प्रतिदिन औसतन 120 मिनट से ज्यादा समय सोशल मीडिया ऐप्स पर खर्च कर रहे हैं। यह समय सोशल मीडिया श्रेणी के कुल औसत 97.9 मिनट प्रतिदिन से काफी अधिक है। इंस्टाग्राम, फेसबुक, स्नैपचैट, एक्स और अन्य सोशल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म युवाओं की दिनचर्या का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुके हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि कंटेंट क्रिएशन, शॉर्ट वीडियो और डिजिटल नेटवर्किंग की बढ़ती संस्कृति इसकी प्रमुख वजह है।
35 साल से ऊपर के लोगों को ज्यादा पसंद आ रहा मनोरंजन कंटेंट
जहां सोशल मीडिया पर युवाओं का दबदबा है, वहीं मनोरंजन से जुड़े ऐप्स पर 35 वर्ष से अधिक उम्र के उपयोगकर्ता सबसे ज्यादा सक्रिय दिखाई दिए। रिपोर्ट के अनुसार, यह वर्ग प्रतिदिन औसतन 77.2 मिनट मनोरंजन प्लेटफॉर्म पर बिताता है। OTT प्लेटफॉर्म, वीडियो स्ट्रीमिंग सेवाएं और टीवी कंटेंट के डिजिटल संस्करण इस वर्ग के बीच लोकप्रिय बने हुए हैं। इन सबमें खास बात यह है कि मनोरंजन ऐप्स के उपयोगकर्ताओं की संख्या में बहुत बड़ा बदलाव नहीं आया, लेकिन लोगों द्वारा इन प्लेटफॉर्म पर बिताया जाने वाला समय लगातार मजबूत बना हुआ है।
ऑनलाइन शॉपिंग में महिलाओं ने पुरुषों को छोड़ा पीछे
रिपोर्ट का सबसे दिलचस्प पहलू महिलाओं की बढ़ती डिजिटल खरीदारी गतिविधि रही। 18 से 24 वर्ष आयु वर्ग की महिलाएं ई-कॉमर्स और क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर पुरुषों की तुलना में लगभग 47 प्रतिशत अधिक समय बिताती हैं। इससे साफ संकेत मिलता है कि ऑनलाइन शॉपिंग अब केवल सुविधा का साधन नहीं बल्कि महिलाओं की जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बनती जा रही है। फैशन, ब्यूटी, ग्रॉसरी और घरेलू जरूरतों की खरीदारी के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म तेजी से पसंद किए जा रहे हैं।
महानगरों में भी कायम है यही ट्रेंड
25 से 34 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं में भी यही रुझान देखने को मिला। रिपोर्ट के मुताबिक, बड़े शहरों में महिलाएं प्रतिदिन औसतन 35.2 मिनट ई-कॉमर्स और क्विक कॉमर्स ऐप्स पर बिताती हैं, जबकि पुरुषों का औसत समय 24.8 मिनट है। इसका मतलब है कि इस आयु वर्ग में भी महिलाओं की भागीदारी करीब 42 प्रतिशत अधिक दर्ज की गई। विशेषज्ञ मानते हैं कि तेज डिलीवरी, बेहतर ऑफर और डिजिटल भुगतान की आसान सुविधाएं इस बदलाव को बढ़ावा दे रही हैं।
Blinkit, Meesho और Myntra पर महिलाओं की मजबूत मौजूदगी
रिपोर्ट में कुछ प्रमुख प्लेटफॉर्म्स के आंकड़े भी सामने आए हैं। क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म Blinkit पर महिला उपयोगकर्ताओं की हिस्सेदारी 57 प्रतिशत दर्ज की गई। वहीं Meesho पर यह आंकड़ा 61 प्रतिशत और Myntra पर 54 प्रतिशत रहा।
इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि फैशन, लाइफस्टाइल और रोजमर्रा की खरीदारी से जुड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म महिलाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में ऑनलाइन खरीदारी में भरोसा बढ़ने और आसान रिटर्न पॉलिसी ने भी इस बदलाव में अहम भूमिका निभाई है।
मैसेजिंग ऐप्स अब भी डिजिटल जीवन का अहम हिस्सा
सोशल मीडिया और ई-कॉमर्स के अलावा मैसेजिंग ऐप्स भी लोगों की डिजिटल गतिविधियों का बड़ा हिस्सा बने हुए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय उपयोगकर्ता प्रतिदिन औसतन 58.6 मिनट मैसेजिंग ऐप्स पर बिताते हैं।
व्हाट्सऐप, टेलीग्राम और अन्य चैटिंग प्लेटफॉर्म आज व्यक्तिगत बातचीत के साथ-साथ व्यवसायिक संचार और ऑनलाइन सेवाओं का भी प्रमुख माध्यम बन चुके हैं।
फाइनेंस और AI ऐप्स की तेज़ रफ्तार
रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि लोन, निवेश और क्रेडिट से जुड़े फाइनेंशियल ऐप्स के मासिक सक्रिय उपयोगकर्ताओं में लगभग 30 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। डिजिटल भुगतान और ऑनलाइन वित्तीय सेवाओं के विस्तार ने इस क्षेत्र को नई गति दी है। सबसे तेज़ बढ़ने वाली श्रेणी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित एप्लिकेशन रही। AI ऐप्स के उपयोगकर्ताओं की संख्या में 100 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई। चैटजीपीटी जैसे जनरेटिव AI टूल्स, AI आधारित सर्च, कंटेंट क्रिएशन और प्रोडक्टिव ऐप्स ने इस क्षेत्र को तेजी से लोकप्रिय बनाने का काम किया है। नई रिपोर्ट बताती है कि जहां युवा सोशल मीडिया के सबसे बड़े उपभोक्ता हैं, वहीं महिलाएं डिजिटल कॉमर्स की नई ताकत बनकर उभरी हैं। दूसरी ओर AI, फाइनेंस और क्विक कॉमर्स जैसे सेक्टर आने वाले वर्षों में भारत के डिजिटल इकोसिस्टम को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।