Keeway EZI Hypevolt India Launch 2026: BMW CE 04 जैसी दिखने वाली Keeway EZI Hypevolt की भारत में एंट्री तय, जानें खासियत
Keeway EZI Hypevolt India Launch 2026: BMW CE 04 जैसी फ्यूचरिस्टिक डिजाइन और 115kmph की टॉप स्पीड के साथ Keeway EZI Hypevolt भारत में दस्तक देने जा रही है।
Keeway EZI Hypevolt India Launch 2026 Price & Features
Keeway EZI Hypevolt India Launch 2026: इलेक्ट्रिक स्कूटरों की लगातार बढ़ रही डिमांड के साथ भारत के इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में एक और नया खिलाड़ी एंट्री करने जा रहा है। प्रीमियम मोटरसाइकिल और स्कूटर निर्माता कंपनी कीवे (Keeway) जून 2026 में अपना पहला इलेक्ट्रिक स्कूटर EZI Hypevolt लॉन्च करने की तैयारी में है। आकर्षक डिजाइन, 14 इंच के बड़े व्हील, डुअल-चैनल ABS, ट्रैक्शन कंट्रोल और 115 किमी प्रति घंटे की टॉप स्पीड जैसे फीचर्स के साथ यह स्कूटर सीधे प्रीमियम इलेक्ट्रिक स्कूटर सेगमेंट को टारगेट करेगा। कंपनी की यह पेशकश उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर लाई जा रही है जो स्टाइल, परफॉर्मेंस और एडवांस टेक्नोलॉजी का कॉम्बिनेशन चाहते हैं।
भारतीय बाजार में Keeway की पहली इलेक्ट्रिक पेशकश
कीवे भारत में पहले से ही अपने पेट्रोल स्कूटर Vieste 300 और Sixties 300i की बिक्री कर रही है। कंपनी आदिश्वर ऑटो राइड इंडिया (AARI) का हिस्सा है, जो Benelli और Q j Motor जैसे ब्रांड्स को भी संभालती है। अब कंपनी इलेक्ट्रिक मोबिलिटी सेगमेंट में कदम रखते हुए EZI हाइप वॉल्ट को भारतीय ग्राहकों के सामने पेश करने जा रही है। यह स्कूटर Keeway के EZI सब-ब्रांड के तहत विकसित किया गया है। जिसे विशेष रूप से इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार के लिए बनाया गया था।
क्या है EZI ब्रांड?
Keeway ने वर्ष 2020 में EZI ब्रांड की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य केवल इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों का विकास और उत्पादन करना था। कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट चीन के सिचुआन प्रांत के ज़ियांग क्षेत्र में स्थित है।
EZI इलेक्ट्रिक स्कूटरों के अलावा स्क्रैम्बलर, क्रूजर और मैक्सी-स्कूटर जैसी इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिलें भी बनाती है। हाईप वोल्ट इसी पोर्टफोलियो का एक प्रीमियम मॉडल है जिसे अब भारत में लॉन्च किया जा रहा है।
BMW CE 04 जैसी दिखती है EZI Hypevolt
डिजाइन के मामले में EZI हाईप वोल्ट पारंपरिक स्कूटरों से बिल्कुल अलग नजर आती है। इसकी लंबी और फ्यूचरिस्टिक बॉडी पहली नजर में BMW CE 04 की याद दिलाती है।
स्कूटर में स्प्लिट LED हेडलाइट सेटअप दिया गया है, जिसके दोनों ओर वर्टिकल LED डे-टाइम रनिंग लाइट्स (DRL) मौजूद हैं। इसके अलावा लंबी बेंच-स्टाइल सीट को राइडर और पिलियन के लिए अलग-अलग हिस्सों में डिजाइन किया गया है, जिससे इसकी प्रीमियम अपील और बढ़ जाती है।
770 मिमी सीट हाइट के कारण यह विभिन्न हाइट वाले राइडर्स के लिए आरामदायक साबित हो सकता है। वहीं 145 किलोग्राम वजन इसे मजबूत रोड प्रेजेंस देता है।
14 इंच के बड़े व्हील और दमदार परफॉर्मेंस
Keeway EZI Hypevolt में 14 इंच के बड़े अलॉय व्हील्स दिए गए हैं, जो सामान्य इलेक्ट्रिक स्कूटरों की तुलना में बेहतर स्टेबिलिटी और राइड क्वालिटी देने का दावा करते हैं। चीन में उपलब्ध मॉडल दो 2.5 kWh बैटरियों के साथ आता है, जिनकी कुल क्षमता 5 kWh है। यह स्कूटर हब मोटर और मिड-ड्राइव मोटर दोनों विकल्पों में उपलब्ध है। मिड-ड्राइव मोटर वर्जन 6 kW (करीब 8 bhp) का कंटीन्यूअस पावर आउटपुट और 12 kW (करीब 16 bhp) का पीक पावर आउटपुट देता है। कंपनी के अनुसार इसकी अधिकतम गति 115 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जो इसे हाई-स्पीड इलेक्ट्रिक स्कूटरों की श्रेणी में खड़ा करती है।
सेफ्टी फीचर्स में मिलेगा डुअल-चैनल ABS
भारत में लॉन्च होने वाला EZI Hypevolt सेफ्टी के मामले में भी काफी एडवांस हो सकता है। स्कूटर में आगे और पीछे दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक मिलने की संभावना है। चीन में इसका एक वेरिएंट कॉम्बी ब्रेकिंग सिस्टम (CBS) के साथ आता है, लेकिन भारतीय मॉडल में डुअल-चैनल एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS) दिए जाने की उम्मीद है। यह फीचर तेज रफ्तार में ब्रेकिंग के दौरान बेहतर नियंत्रण प्रदान करेगा। इसके अलावा स्कूटर में ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम, हिल होल्ड कंट्रोल और हिल डिसेंट कंट्रोल जैसे आधुनिक फीचर्स भी शामिल किए जा सकते हैं, जो इसे तकनीकी रूप से काफी एडवांस बनाते हैं।
रियर कैमरा और ब्लाइंड स्पॉट डिटेक्शन भी मिलने की उम्मीद
अंतरराष्ट्रीय बाजार में बिकने वाले Hypevolt मॉडल में रियर कैमरा और ब्लाइंड स्पॉट डिटेक्शन सिस्टम जैसे फीचर्स भी दिए जाते हैं। ये फीचर्स आमतौर पर महंगे प्रीमियम वाहनों में देखने को मिलते हैं। भारत में लॉन्च होने वाले मॉडल में ये फीचर्स शामिल होंगे या नहीं, इस बारे में कंपनी ने अभी आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। लेकिन यदि ये सुविधाएं भारतीय संस्करण में भी मिलती हैं तो यह अपने सेगमेंट में एक अलग पहचान बना सकता है।
कीमत और लॉन्च टाइमलाइन
Keeway EZI Hypevolt को जून 2026 के मध्य तक भारतीय बाजार में लॉन्च किया जा सकता है। कंपनी ने अभी इसकी आधिकारिक कीमत का खुलासा नहीं किया है, लेकिन उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि इसकी कीमत 3 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से अधिक हो सकती है। अपनी ट्विन बैटरी सेटअप, हाई-स्पीड क्षमता, प्रीमियम डिजाइन और एडवांस फीचर्स के कारण यह स्कूटर बाजार में मौजूद प्रीमियम इलेक्ट्रिक स्कूटरों को सीधी चुनौती देता नजर आएगा।