Best Places to Visit in Noida: दिल्ली छोड़िए, अब नोएडा को दीजिए मौका...बर्ड सेंचुरी से लेकर जगन्नाथ मंदिर तक, यहां हैं घूमने की शान

Best Places to Visit in Noida: ओखला बर्ड सेंचुरी, वेद वन पार्क, जगन्नाथ मंदिर और वर्ल्ड्स ऑफ वंडर समेत नोएडा की बेहतरीन घूमने की जगहें।

Update:2026-06-16 14:53 IST

Best Places to Visit in Noida 2026

Best Places to Visit in Noida: जब भी वीकेंड घूमने-फिरने की बात आती है, तो यूपी के ज्यादातर लोग सबसे पहले दिल्ली का रुख करते हैं। उन्हें लगता है कि नोएडा में घूमने के लिए बहुत कम विकल्प हैं। लेकिन सच्चाई इससे बिल्कुल अलग है। पिछले कुछ वर्षों में नोएडा न केवल एक आधुनिक शहर के रूप में विकसित हुआ है, बल्कि यहां ऐसे कई आकर्षक पर्यटन और मनोरंजन स्थल भी बने हैं जो परिवार, दोस्तों और कपल्स के लिए बेहतरीन वीकेंड डेस्टिनेशन साबित हो सकते हैं। अगर आप लखनऊ, कानपुर, गाजियाबाद, मेरठ या यूपी के किसी अन्य शहर में रहते हैं और इस वीकेंड कहीं नजदीक घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो नोएडा की ये जगहें आपकी ट्रैवल लिस्ट में जरूर होनी चाहिए।

ओखला बर्ड सेंचुरी


शहर की भागदौड़ से दूर कुछ शांत और प्राकृतिक माहौल की तलाश है तो ओखला बर्ड सेंचुरी आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकती है। यमुना नदी के किनारे स्थित यह पक्षी अभयारण्य सैकड़ों प्रजातियों के पक्षियों का घर है। सर्दियों के मौसम में यहां विदेशी पक्षी भी बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। हरियाली, शांत वातावरण और पक्षियों की चहचहाहट इसे प्रकृति प्रेमियों के लिए खास बनाती है। सुबह या शाम के समय यहां घूमने का अनुभव और भी शानदार हो जाता है।

वेद वन पार्क


नोएडा का वेद वन पार्क इन दिनोलोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। यह पार्क सिर्फ हरियाली के लिए ही नहीं बल्कि अपनी अनोखी थीम और डिजाइन के लिए भी जाना जाता है। यहां बने कलात्मक ढांचे, पत्थरों की आकर्षक आकृतियां और खूबसूरत लाइटिंग शाम के समय अलग ही नजारा पेश करती हैं। वीकेंड पर यहां काफी भीड़ रहती है, लेकिन परिवार के साथ समय बिताने के लिए यह शानदार जगह मानी जाती है। पार्क के बाहर मिलने वाले स्ट्रीट फूड भी लोगों को खासा आकर्षित करते हैं।

नोएडा का जगन्नाथ मंदिर


अगर धार्मिक और आध्यात्मिक यात्रा पसंद है तो नोएडा एक्सटेंशन रोड स्थित जगन्नाथ मंदिर जरूर जाना चाहिए। मंदिर की वास्तुकला ओडिशा के प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर की झलक देती है। यही वजह है कि यहां रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। शाम के समय मंदिर परिसर का माहौल बेहद भव्य और भक्तिमय हो जाता है। मेट्रो, कैब और निजी वाहन से यहां आसानी से पहुंचा जा सकता है। वीकेंड पर परिवार के साथ कुछ शांत और आध्यात्मिक समय बिताने के लिए यह एक बेहतरीन विकल्प है।

सेक्टर-18 मार्केट की शाम


नोएडा की पहचान बनने वाली सेक्टर-18 मार्केट सिर्फ शॉपिंग के लिए ही नहीं बल्कि अपने जीवंत माहौल के लिए भी जानी जाती है। शाम के समय यहां युवाओं की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिलती है। मेट्रो स्टेशन के सामने बैठकर गिटार बजाते और गाने गाते कलाकार माहौल को और खास बना देते हैं। यहां कैफे, रेस्टोरेंट, स्ट्रीट फूड और ब्रांडेड शॉप्स का शानदार मिश्रण देखने को मिलता है। अगर आप दोस्तों के साथ वीकेंड बिताना चाहते हैं तो सेक्टर-18 एक परफेक्ट जगह है।

वर्ल्ड्स ऑफ वंडर में मिलेगा फुल एंटरटेनमेंट


नोएडा आने वाले पर्यटकों के बीच वर्ल्ड्स ऑफ वंडर अम्यूजमेंट पार्क भी काफी लोकप्रिय है। यहां बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए कई तरह की राइड्स और वाटर एक्टिविटीज मौजूद हैं। गर्मियों में वाटर पार्क सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र बनता है। परिवार के साथ पूरा दिन मस्ती और मनोरंजन में बिताने के लिए यह जगह शानदार विकल्प है।

लखनऊ और यूपी वालों के लिए क्यों है बेस्ट वीकेंड डेस्टिनेशन?

लखनऊ से नोएडा की दूरी सड़क मार्ग से करीब 500 किलोमीटर है और एक्सप्रेसवे के जरिए 6 से 7 घंटे में यहां पहुंचा जा सकता है। वहीं कानपुर, आगरा, अलीगढ़, मेरठ और गाजियाबाद जैसे शहरों से यह और भी नजदीक पड़ता है। यही वजह है कि दो दिन की छोटी छुट्टी में नोएडा घूमना आसान और बजट फ्रेंडली विकल्प बन जाता है। नोएडा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां धार्मिक स्थल, प्राकृतिक जगहें, मनोरंजन पार्क, शॉपिंग हब और आधुनिक कैफे संस्कृति सभी कुछ एक ही शहर में देखने को मिल जाता है। ऐसे में अगर आप हर बार दिल्ली जाने का प्लान बनाते हैं, तो इस बार नोएडा को मौका दीजिए। दिल्ली के ट्रैफिक और जाम से दूर यह शांत शहर आपको उम्मीद से कहीं ज्यादा शानदार अनुभव देगा।

Tags:    

Similar News