2 पत्नियां, 18 बच्चे, फिर प्रेमिका का जुनून..., गुलशन हत्याकांड का रोंगटे खड़े करने वाला खुलासा
Pratapgarh News: जिले में पूर्व प्रधान मुस्तका गुलशन उर्फ मुन्ना की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने मृतक की प्रेमिका सुमन को गिरफ्तार किया है, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था।
Pratapgarh News
Pratapgarh News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में पूर्व प्रधान मुस्तका गुलशन उर्फ मुन्ना की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने मृतक की प्रेमिका सुमन को गिरफ्तार किया है, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। यह पूरा मामला मांधाता कोतवाली क्षेत्र के मिश्रपुर गांव का है, जहां 18 मार्च को मुन्ना अचानक लापता हो गए थे।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सुमेरपुर गांव के पास नहर किनारे एक संदिग्ध बोरा मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब बोरे को खोला तो उसमें मुस्तका गुलशन का शव बरामद हुआ। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर मृतक की प्रेमिका सुमन को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में सुमन ने हत्या की साजिश का खुलासा किया। जानकारी के अनुसार, 18 मार्च को सुमन अपने मायके आई थी और उसने मुन्ना को मिलने के लिए बुलाया। जब मुन्ना वहां पहुंचे, तो पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत छिपाने के लिए शव को एक बोरे में भरकर नहर में फेंक दिया। पुलिस ने कॉल डिटेल्स और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई और मुख्य आरोपी सुमन को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
मृतक मुस्तका गुलशन वर्ष 2016 में मिश्रपुर गांव के प्रधान रह चुके थे। उनके परिवार में इस घटना के बाद गहरा शोक है। मुन्ना की दो पत्नियां थीं किस्मतुल निशा और अंबिया बानो जो एक ही घर में रहती थीं। उनके कुल 18 बच्चे हैं, जिनमें दोनों पत्नियों से 9-9 बच्चे शामिल हैं। इस हत्याकांड ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर अवैध संबंधों से जुड़े अपराधों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार करने की बात कही जा रही है।