Aaj Ka Mausam: जल्द यूपी में बदलेगा मौसम, इस डेट को होगी बारिश...प्रदेश में आज से चलेंगी तेज हवाएं

Aaj Ka Mausam 10 March 2024:मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। दिन के समय 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज हवाएं चल सकती है।

Written By :  aman
Update: 2024-03-10 01:33 GMT

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media) 

Aaj Ka Mausam 10 March 2024 : उत्तर प्रदेश में अब खिली धूप निकलने लगी है। दोपहर के वक्त तेज धूप रह रही है, जबकि शाम से रात तक हल्की ठंड अभी भी पड़ रही है। तापमान चढ़ते ही बच्चों और बुजुर्गों को बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में 20 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी।

उत्तर प्रदेश ही नहीं पूरे नार्थ इंडिया में इन दिनों खिली धूप निकल रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बड़े बदलाव के संकेत दिए हैं। यूपी सहित कई राज्यों में झमाझम बरसात देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र (Western Himalayan Region) में 11 से 14 मार्च और मैदानी इलाकों में 13 मार्च को वर्षा होने वाली है।

घुमक्कड़ी का है शौक, तो आज करें मस्ती

मौसम विभाग की मानें तो उत्तर प्रदेश में 10 मार्च को 25-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने वाली हैं। राजधानी लखनऊ में रविवार को 10-15 किलोमीटर प्रतिघंटा के वेग से हवाएं चलेंगी। लखनऊ में सुबह से ही खिली धूप निकलेगी। शहर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम 14 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि, तेज धूप निकल रही है लेकिन सर्दी अभी गई नहीं है। सुबह और देर शाम से रात तक ठंड का एहसास होता है। लोगों ने मोटे गर्म कपड़े भले दूर कर दिए, लेकिन स्वेटर अभी भी पहनते नजर आ रहे हैं। नवाबी शहर का मौसम वीकेंड पर खुशगवार है। घूमने-फिरने के शौकीन हैं तो आज दिन भर घुमक्कड़ी कर सकते हैं।

प्रदेश में आज से तेज हवाओं का दौर

मौसम विभाग की मानें तो रविवार (10 मार्च) को भी प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्से में मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान दिन के समय 20-30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ़्तार से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। विभाग की मानें तो अगले हफ्ते मौसम फिर करवट लेगा। पश्चिमी यूपी में एक और दौर देखने को मिलेगा। फिलहाल, मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।

पश्चिमी विक्षोभ की वजह से ठंड

आईएमडी के अनुसार, 11 मार्च से 14 मार्च तक मौसम को लेकर कोई अलर्ट नहीं है। इस अवधि में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।आईएमडी वैज्ञानिकों का कहना है कि मार्च में भी ठंड की वजह 2 और 3 मार्च को आया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) है। इसकी वजह से पहाड़ों पर जमकर बर्फबारी हुई। पहाड़ों से चलने वाली बर्फीली हवाओं का असर यूपी में भी महसूस किया जा रहा है।  

Tags:    

Similar News