Aaj Ka Mausam: आज यूपी में मौसम का बड़ा उलटफेर! कई जिलों में आंधी-वर्षा और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी
Aaj Ka Mausam (14 May 2026): मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी से लेकर पूर्वांचल और तराई क्षेत्र तक कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।
Aaj Ka Mausam
Aaj Ka Mausam (14 May 2026): उत्तर प्रदेश में मौसम ने आज फिर अचानक से करवट ले ली है। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ की तरफ से जारी लेटेस्ट पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, मेघ गर्जना, बिजली चमकने और वर्षा की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी से लेकर पूर्वांचल और तराई क्षेत्र तक कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।
बीते बुधवार की देर शाम शाहजहांपुर में तेज आंधी और वर्षा के साथ ओलावृष्टि देखने को मिली। कई इलाकों में तेज हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी कुछ घंटों के लिए प्रदेश में मौसम का यह बदला हुआ रूप बना रह सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नमी तथा सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण से उत्तर प्रदेश के मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है। विशेषकर पूर्वी यूपी में बादलों का दबाव बढ़ने से गरज-चमक के साथ वर्षा की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। स्थिति को देखते हुए विभाग ने चेतावनी दी है कि कई इलाकों में हवाओं की रफ्तार 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि आंधी के दौरान झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने की संभावना है।
इन जिलों में तेज बारिश और बूंदाबांदी का अलर्ट
जानकारी के मुताबिक पूर्वांचल के देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच जैसे जिलों में मौसम का प्रभाव अधिक देखने को मिल सकता है। इन इलाकों में कहीं-कहीं तेज वर्षा और बूंदाबांदी के साथ वज्रपात का खतरा भी बना हुआ है।
वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर और बिजनौर में तेज हवाओं के साथ वर्षा होने की पूरी संभावना है। आगरा, मथुरा और अलीगढ़ के आसपास धूल भरी आंधी चल सकती है। राजधानी लखनऊ और कानपुर में भी बादलों की आवाजाही बढ़ी हुई है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट महसूस की जा रही है। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि इससे गर्मी से पूरी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
कई जिलों में भीषण गर्मी दर्ज
मौसम विभाग के अनुसार 15 मई के बाद प्रदेश में एक बार फिर तापमान तेजी से बढ़ सकता है। बीते कई दिनों बुंदेलखंड और पूर्वांचल के कई जिलों में भीषण गर्मी दर्ज की गई। बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रिकॉर्ड किया गया, जहां अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा झांसी में 43 डिग्री, प्रयागराज में 42 डिग्री और वाराणसी में 40.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
दूसरी तरफ पश्चिमी यूपी के कई जिलों में वर्षा से लोगों को गर्मी से राहत मिली। मुरादाबाद में करीब 12.8 मिमी और बरेली में लगभग 11.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। कई इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।
किसानों के लिए भी विशेष सलाह
मौसम विभाग ने किसानों के लिए भी खास सलाह जारी की है। जिन क्षेत्रों में फसल कट चुकी है वहां अनाज को खुले में न छोड़ने की अपील की गई है। तेज हवा और वर्षा से आम के बागों और अन्य फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है।
बता दे, इसके अलावा लोगों को खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूर रहने की सलाह दी गई है। विभाग ने कहा है कि आंधी और बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए सतर्कता बरतना बहुत ही आवश्यक है।
ऐसे ही मौसम से संबंधित लगातार लेटेस्ट अपडेट के लिए Newstrack.com की वेबसाइट विजिट करें।