मेलोनी को टॉफी, देश में आर्थिक तूफ़ान: अजय राय ने मोदी सरकार पर साधा निशाना
Ajay Rai Press Conference: लखनऊ में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने प्रेस वार्ता के दौरान केंद्र सरकार, भाजपा और आरएसएस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने अर्थव्यवस्था, महंगाई, NEET और पेपर लीक के मुद्दे को लेकर सरकार को घेरा।
Ajay Rai
Ajay Rai Press Conference: लखनऊ में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने प्रेस वार्ता के दौरान केंद्र सरकार, भाजपा और RSS पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है और कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा जताई गई आर्थिक तूफ़ान की आशंका पूरी तरह सही है।
अजय राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेशी दौरों पर तंज कसते हुए कहा कि एक तरफ जनता से पेट्रोल-डीजल बचाने की बात की जाती है, दूसरी तरफ प्रधानमंत्री विदेश जाकर मेलोनी को टॉफी खिलाते हैं। उन्होंने कहा कि बनारस की जनता ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया, लेकिन अब वही जनता महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है। प्रेस वार्ता के दौरान अजय राय ने भाजपा और आरएसएस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा का इतिहास गद्दारी का है और आरएसएस गद्दार लोगों से भरा हुआ है।
NEET परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा। अजय राय ने कहा कि यह लीक वाली सरकार है, जिसकी वजह से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ। उन्होंने अपनी बेटी आस्था का जिक्र करते हुए कहा कि उसने परीक्षा की कड़ी तैयारी की थी और पेपर अच्छा गया था, लेकिन लीक की खबर आने के बाद छात्र-छात्राओं का मनोबल टूट गया। उन्होंने कहा कि कई छात्र मानसिक तनाव में हैं और आत्महत्या जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। साथ ही महोबा में बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म मामले का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल पीड़िता से मिलने जाएगा।
अजय राय ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालयों में संघ से जुड़े लोगों को महत्वपूर्ण पद दिए जा रहे हैं और शिक्षा संस्थानों का राजनीतिकरण किया जा रहा है। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर युवाओं की उपेक्षा और झूठे वादों का भी आरोप लगाया।