Aligarh News: खराब निर्माण पर ठेकेदारों और फर्मों पर कार्रवाई, लगा जुर्माना, ब्लैकलिस्ट की तैयारी
Aligarh News: खराब निर्माण, देरी और मानकों की अनदेखी मिलने पर नगर आयुक्त ने एक ठेकेदार पर जुर्माना लगाया, जबकि दो फर्मों के खिलाफ अनुबंध समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
खराब निर्माण पर ठेकेदारों और फर्मों पर कार्रवाई, लगा जुर्माना, ब्लैकलिस्ट की तैयारी (Photo- Newstrack)
Aligarh News: जनपद में विकास कार्यों की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वाले ठेकेदारों पर नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बड़ा एक्शन लिया है। मानकविहीन निर्माण, धीमी गति और लापरवाही मिलने पर नगर आयुक्त ने 4 निर्माण ठेकेदारों और फर्मों के खिलाफ कार्रवाई की है।
अलीगढ़ सिविल लाइन थाना क्षेत्र के जनकपुरी पानी की टंकी इलाके में वार्ड संख्या 49 में खराब निर्माण कार्य मिलने पर नगर आयुक्त ने मौके पर ही सख्ती दिखाई। जांच के दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता खराब पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार पर 1 लाख 23 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
साथ ही निर्देश दिए गए कि खराब निर्माण को तोड़कर 3 दिन के अंदर दोबारा मानक के अनुसार निर्माण कराया जाए। ऐसा नहीं करने पर ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने, अनुबंध निरस्त करने और धरोहर राशि जब्त करने की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
वहीं वार्ड संख्या 66 मौलाना आजाद नगर में निर्धारित समय पर निर्माण कार्य शुरू नहीं करने वाली 2 फर्मों पर भी नगर आयुक्त ने कार्रवाई की। दोनों फर्मों का अनुबंध निरस्त करने और उन्हें ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। कि शहर में चल रहे सभी विकास कार्यों की लगातार निगरानी की जाए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, मानक और सामग्री से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अलीगढ नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने साफ कर दिया है कि विकास कार्यों में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लापरवाही करने वाले ठेकेदारों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। खराब निर्माण और धीमी गति से काम करने वालों के खिलाफ अब सख्त कदम उठाए जाएंगे।