Aligarh News: डीएम अविनाश कुमार का सख्त संदेश: घटिया निर्माण पर कार्रवाई, समय पर पूरे हों कार्य
Aligarh News: डीएम अविनाश कुमार ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सख्ती दिखाई, समयसीमा में परियोजनाएं पूरी करने और लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
Aligarh News
Aligarh News: 18 जून जिले में चल रही करोड़ों रुपये की निर्माण परियोजनाओं की गुणवत्ता और प्रगति को लेकर जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने साफ शब्दों में कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण में कमियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और दोषी ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट तक किया जा सकता है।बैठक में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि निरीक्षण के दौरान मिलने वाली प्रत्येक कमी को लिखित रूप में दर्ज कर कार्यदायी संस्था को तत्काल अवगत कराया जाए तथा उसका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को चेतावनी देते हुए कहा कि लंबित कार्यों को अतिरिक्त श्रमशक्ति लगाकर निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए।
अलीगढ डीएम अविनाश कुमार ने भवनों में सीलन और छत टपकने जैसी शिकायतों पर विशेष चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अक्सर भवन बनने के कुछ ही वर्षों में ऐसी समस्याएं सामने आती हैं, इसलिए निर्माण के दौरान ही गुणवत्ता की बारीकी से जांच की जाए। निरीक्षण रिपोर्ट में सीलन संबंधी टिप्पणियों को स्पष्ट रूप से दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में खैर पेयजल परियोजना, जिला कारागार डोरमेट्री, राजकीय महाविद्यालय अतरौली, होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज छात्रावास, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय गंगीरी, नवीन पुलिस लाइन छेरत एवं डिफेंस कॉरिडोर फायर स्टेशन सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को जून माह के सभी निरीक्षण समय से पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
अलीगढ जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि जनता के पैसे से बनने वाली परियोजनाएं केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए विकास की मिसाल होनी चाहिए। इसलिए सभी अधिकारी और ठेकेदार पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।