Aligarh News: नीट पुनर्परीक्षा 2026 को लेकर प्रशासन अलर्ट, 18 केंद्रों पर 8,891 अभ्यर्थी होंगे शामिल

Aligarh News: अलीगढ़ में 21 जून को होने वाली नीट पुनर्परीक्षा 2026 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। 18 केंद्रों पर 8,891 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

Update:2026-06-18 20:04 IST

Aligarh News

Aligarh News: जिले में 21 जून को आयोजित होने वाली नीट पुनर्परीक्षा-2026 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने अधिकारियों के साथ बैठक कर परीक्षा के सफल एवं निष्पक्ष संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

अलीगढ़ डीएम अविनाश कुमार ने बताया कि जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक एक पाली में परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें कुल 8,891 अभ्यर्थी शामिल होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षार्थियों को केवल प्रवेश पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो, निर्धारित प्रारूप पर चिपकाई गई पोस्टकार्ड साइज फोटो, मूल फोटो पहचान पत्र तथा पारदर्शी पानी की बोतल ही परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति होगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, पर्स, बैग, पेन-पेंसिल और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।

अलीगढ़ जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि प्रवेश पत्र, फोटो एवं मूल पहचान पत्र के बिना किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। मोबाइल में दस्तावेज दिखाने पर भी अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने अभ्यर्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह देते हुए कहा कि फ्रिस्किंग, रजिस्ट्रेशन और बायोमेट्रिक सत्यापन में समय लग सकता है।परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, जबकि एसडीएम और तहसीलदारों को जोनल मजिस्ट्रेट नामित किया गया है।

प्रशासन ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख चौराहों पर भी पर्याप्त पुलिस व्यवस्था की है।अलीगढ़ डीएम अविनाश कुमार ने अभिभावकों और परीक्षार्थियों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और शांत मन से परीक्षा में शामिल हों। उन्होंने सलाह दी कि अभ्यर्थी एक दिन पहले ही अपने परीक्षा केंद्र की लोकेशन की जानकारी कर लें, ताकि समय पर पहुंचने में कोई परेशानी न हो।

Tags:    

Similar News