Aligarh News: अनुसूचित जाति आयोग का अलीगढ़ दौरा, बस्तियों और छात्रावासों का होगा निरीक्षण
Aligarh News: अलीगढ़ में अनुसूचित जाति आयोग की टीम बस्तियों, छात्रावासों और संबंधित संस्थानों का औचक निरीक्षण करेगी। दौरे के दौरान कल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी जाएगी और अधिकारियों से व्यवस्थाओं को लेकर जवाब-तलब किया जाएगा।
Aligarh News(Photo-Social Media)
Aligarh News: 18 जून 2026 उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के सदस्य रमेश चन्द्र कुण्डे 19 जून को अलीगढ़ दौरे पर रहेंगे। उनके आगमन को लेकर प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है। आयोग सदस्य का कार्यक्रम समीक्षा बैठकों, निरीक्षणों और जनसंवाद से भरपूर रहेगा। जिला समाज कल्याण अधिकारी विनीत कुमार मलिक ने बताया कि रमेश चन्द्र कुण्डे पूर्वाह्न 11:30 बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगे। इसके उपरांत दोपहर 12 बजे से सर्किट हाउस सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग से जुड़ी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक आयोग सदस्य नगर पालिका परिषद कार्यालय का निरीक्षण करेंगे तथा सफाई कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और शिकायतों को सुनेंगे। इसके बाद 3 बजे से 4 बजे तक अनुसूचित जाति-जनजाति बालिका छात्रावास अथवा वृद्धाश्रम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में शाम 4 बजे से 5 बजे तक आयोग सदस्य अनुसूचित जाति एवं जनजाति बस्तियों तथा संपर्क मार्गों का औचक निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत परखेंगे और स्थानीय लोगों के साथ जन-जागरूकता संवाद भी करेंगे। आयोग सदस्य के दौरे को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासनिक स्तर पर सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।