Aligarh News: गभाना में लगेगा खादी ग्रामोद्योग जागरूकता शिविर, युवाओं को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर
Aligarh News: अलीगढ़ के गभाना में 20 जून को खादी ग्रामोद्योग जागरूकता शिविर आयोजित होगा। इसमें युवाओं, महिलाओं और आमजन को स्वरोजगार योजनाओं, ऋण सुविधा और सरकारी सहायता की जानकारी दी जाएगी।
Aligarh News
Aligarh News: उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा युवाओं, महिलाओं एवं आमजन को स्वरोजगार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 20 जून को तहसील गभाना सभागार में एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान कर पात्र लाभार्थियों को रोजगार एवं उद्योग स्थापना के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
अलीगढ़ की जिला ग्रामोद्योग अधिकारी संजीदा बेगम ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप वित्तीय वर्ष 2026-27 में विपणन विकास सहायता (एससीएसपी) योजना के अंतर्गत यह जिला स्तरीय जागरूकता शिविर आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम 20 जून, शनिवार को अपराह्न 2:30 बजे से तहसील गभाना के सभागार में आयोजित होगा।उन्होंने बताया कि खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग द्वारा संचालित विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए यह पहल की जा रही है। शिविर में युवक-युवतियों, जनसामान्य तथा जीरो पॉवर्टी अभियान के अंतर्गत चिन्हित व्यक्तियों को योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही स्वरोजगार स्थापित करने के इच्छुक लोगों को उद्योग लगाने, ऋण सुविधा प्राप्त करने तथा सरकारी सहायता योजनाओं से जुड़ने के संबंध में मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने जनपद के सभी इच्छुक एवं पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे शिविर में उपस्थित होकर विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और सरकारी सहायता का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि खादी एवं ग्रामोद्योग क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं, जिनका लाभ उठाकर युवा अपना स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर सकते हैं।यह जागरूकता शिविर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलने का कार्य करेगा।