Aligarh News: सड़क पर ‘राह-वीर’ बनने की अपील! अलीगढ़ पुलिस ने शुरू किया बड़ा जागरूकता अभियान

Aligarh News: अलीगढ़ पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वाले राह-वीरों को सुरक्षा का भरोसा देने के लिए गुड सेमेरिटन योजना का व्यापक प्रचार शुरू किया है।

Update:2026-06-06 20:23 IST

Aligarh News: जनपद की सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम और घायलों के लिए 'फरिश्ता' बनने वालों को सुरक्षा का भरोसा देने के लिए अलीगढ़ पुलिस ने कमर कस ली है। मुख्यमंत्री उ.प्र. के निर्देशों के बाद अलीगढ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक यातायात के पर्यवेक्षण में शहर भर में राह-वीर यानी गुड सेमेरिटन योजना का प्रचार शुरू कर दिया गया है।

योजना का मकसद सीधा है - दुर्घटना में घायल को अस्पताल पहुंचाने वाला 'राह-वीर' पुलिस या अस्पताल के चक्कर में न फंसे। इसके लिए शहर के सारसौल, रसलगंज, तहसील तिराहा, कम्पनी बाग, मदार गेट, हाथरस अड्डा, सासनीगेट जैसे प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर बड़े-बड़े जागरूकता होर्डिंग लगा दिए गए हैं। इन होर्डिंग्स पर साफ लिखा है। कि घायल की मदद करने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी और उसे बेवजह परेशान नहीं किया जाएगा।

सिर्फ गुड सेमेरिटन ही नहीं, यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा के जरूरी नियमों को भी लोगों तक पहुंचाया है। हेलमेट पहनो, सीटबेल्ट लगाओ, मोबाइल पर बात करते हुए गाड़ी मत चलाओ और नशे में ड्राइविंग बिल्कुल नहीं - ये संदेश अब चौराहों पर हर राहगीर को दिख रहे हैं। अलीगढ पुलिस ने इस अभियान को थानों तक भी पहुंचाया है। जनपद के सभी थानों में निर्धारित जगहों पर गुड सेमेरिटन योजना के बोर्ड लगवाए जा रहे हैं। ताकि थाने आने वाला हर व्यक्ति ये जान सके कि किसी की जान बचाना अब कानूनी झंझट नहीं, बल्कि सम्मान की बात है।

अलीगढ़ पुलिस का कहना है। कि ज्यादातर मौतें समय पर अस्पताल न पहुंचने से होती हैं। अगर लोग बिना डरे घायल को अस्पताल ले जाएं तो कई जानें बच सकती हैं। इसी सोच के साथ ये होर्डिंग अभियान चलाया गया है, ताकि हर नागरिक सड़क पर 'राह-वीर' बनने से न घबराए।

Tags:    

Similar News