Aligarh News: CM ग्रिड में लापरवाही पर बड़ा एक्शन, PPS Builders पर 4 करोड़ जुर्माना
Aligarh News: अलीगढ़ में CM ग्रिड सड़कों के निर्माण में देरी और गुणवत्ता में कमी पर नगर निगम सख्त, PPS Builders ब्लैकलिस्ट, 8 करोड़ की जमानत भी जब्त।
CM ग्रिड में लापरवाही पर बड़ा एक्शन, PPS Builders पर 4 करोड़ जुर्माना (Photo- Newstrack)
Aligarh News: मुख्यमंत्री की ड्रीम परियोजना CM ग्रिड सड़कों पर लापरवाही अब भारी पड़ने लगी है। अलीगढ़ में सड़कों के निर्माण में देरी और घटिया काम करने वाली कार्यदाई संस्था PPS Builders पर नगर निगम ने प्रदेश की सबसे बड़ी कार्रवाई कर दी है।
अलीगढ़ नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कंपनी पर 4 करोड़ रुपये का अतिरिक्त जुर्माना ठोक दिया है। ये सिर्फ शुरुआत है। इससे पहले भी संस्था को 10 नोटिस थमाकर 2 करोड़ 20 लाख रुपये का दंड लगाया जा चुका था। नोटिस, जुर्माना, चेतावनी... कुछ भी असर नहीं हुआ। निर्माण कार्य फिर भी समय पर पूरा नहीं हुआ।
नगर आयुक्त ने PPS Builders को ब्लैकलिस्ट किया
नतीजा ये हुआ कि करीब 72 करोड़ रुपये की लागत वाली गूलर रोड, खैर रोड, आईटीआई रोड और रेलवे रोड परियोजनाओं में लगातार देरी, गुणवत्ता की शिकायतें और अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन सामने आया। इसे गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने PPS Builders को ब्लैकलिस्ट कर दिया। कंपनी का अनुबंध तुरंत निरस्त कर दिया गया और लगभग 8 करोड़ रुपये की जमानत धनराशि भी जब्त कर ली गई।
अलीगढ़ नगर आयुक्त ने साफ कर दिया कि CM ग्रिड के नाम पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने सभी कार्यदाई संस्थाओं को सख्त निर्देश दिए हैं। कि चल रहे सभी काम समयबद्ध तरीके से और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। मीणा ने चेतावनी दी कि जो भी संस्था लापरवाही बरतेगी, उसके खिलाफ ऐसी ही कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
एजेंसियों में मचा हड़कंप
CM ग्रिड सड़कें अलीगढ़ की ट्रैफिक और कनेक्टिविटी की रीढ़ मानी जा रही हैं। ऐसे में देरी से आम जनता ही परेशान हो रही थी। अब नगर निगम के इस बुलडोज़र एक्शन के बाद बाकी एजेंसियों में भी हड़कंप मच गया है।
प्रेम प्रकाश मीणा, नगर आयुक्त, अलीगढ़ ने बताया कि "CM ग्रिड के अंतर्गत चल रहे सभी कार्य समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। लापरवाही बरतने वाली किसी भी कार्यदाई संस्था के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।"