Aligarh News: लापरवाही-भ्रष्टाचार में लिप्त 8 पुलिसकर्मी सस्पेंड, दरोगा पर FIR भी दर्ज
Aligarh में लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप में 8 पुलिसकर्मी निलंबित, दरोगा पर FIR दर्ज कर विभागीय जांच शुरू
Aligarh News
Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन के सख्त रुख से अलीगढ़ पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। कर्तव्यपालन में लापरवाही, अनुशासनहीनता, संदिग्ध गतिविधियों और भ्रष्ट आचरण के आरोपों में 7 उपनिरीक्षक समेत कुल 8 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही थाना लोधा पर तैनात उपनिरीक्षक रोहित कुमार तोमर के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया है। अलीगढ एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने विभागीय जांच के आदेश देते हुए सभी को कड़ा संदेश दिया है। कि भ्रष्टाचार और लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं होगी।
कौन, कहां, क्यों सस्पेंड हुआ
1. उ.नि.संजय यादव + आरक्षी चालक राजवीर सिंह, थाना रोरावर: थाना की गोपनीय सूचनाएं बाहर लीक करने और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर निलंबन। नैतिक दायित्वों में भारी लापरवाही का आरोप।
2. उ.नि.दीपक कुमार, चौकी प्रभारी शाहपुर कुतुब, थाना रोरावर: क्षेत्र की घटनाओं पर समय से कार्रवाई न करना, अफसरों को सूचना न देना और फरियादियों की अनदेखी करने पर कार्रवाई।
3. उ.नि. राजकुमार, थाना बन्नादेवी: एक वादिया से अनुचित संबंध बनाकर ऋण दिलाने और किस्त न चुकाने का झांसा देकर अनुचित लाभ लेने के आरोप में निलंबित।
4. उ.नि. दीपक कुमार, थाना सासनीगेट: सरकारी ड्यूटी पर लगातार गैरहाजिर रहने, सूचना के बाद भी हाजिर न होने पर सस्पेंड।
5. उ.नि.रोहित कुमार तोमर, थाना लोधा: आपराधिक मामले में पीड़ित को जेल भेजने का डर दिखाकर केस दर्ज करने के बदले रिश्वत लेने का आरोप। इनके खिलाफ FIR दर्ज कर विभागीय कार्रवाई शुरू।
6. उ.नि.राकेश कश्यप, थाना हरदुआगंज: कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट समय से न भेजना और आख्या देने के नाम पर पैसे मांगने के आरोप में निलंबन।
7. म.उ.नि. पायल मान, थाना सासनीगेट: छुट्टी खत्म होने के बाद बिना अनुमति ड्यूटी से नदारद रहने पर कार्रवाई।
अलीगढ एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने सभी अधीनस्थों को चेतावनी दी है कि ड्यूटी निष्ठा, पारदर्शिता और जनहित से करें। भ्रष्टाचार, लापरवाही या अवैध काम की शिकायत मिलते ही सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई तय है।