Aligarh: डीएम का सख्त रुख, स्कूलों के बाहर लगेंगे स्पीड लिमिट बोर्ड, ओवरलोड वाहनों पर होगी कार्रवाई
Aligarh News: अलीगढ़ में सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए डीएम अविनाश कुमार ने सख्त निर्देश दिए हैं। स्कूलों के बाहर स्पीड लिमिट बोर्ड लगाए जाएंगे और ओवरलोड वाहनों व व्यावसायिक ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर कार्रवाई होगी।
Aligarh News
Aligarh News: सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए जिला प्रशासन ने अब सख्त रुख अपना लिया है। जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई।बैठक में स्कूलों के आसपास स्पीड लिमिट बोर्ड और साइनेज लगाने, अवैध कट बंद कराने, ब्लैक स्पॉट का स्थायी समाधान करने के साथ ही ओवरलोड वाहनों और व्यावसायिक गतिविधियों में इस्तेमाल हो रही ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रामघाट रोड के प्रांतीय खंड क्षेत्र में 23 विद्यालय चिन्हित किए गए हैं। इन विद्यालयों के आसपास स्पीड लिमिट बोर्ड और आवश्यक साइनेज लगाए जा रहे हैं। अब तक 44 बोर्ड लगाए जा चुके हैं।अलीगढ़ जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने अगली बैठक में लगाए गए और शेष बोर्डों की स्पष्ट संख्या के साथ अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, संजीव पुष्कर ने बताया कि छह मार्गों पर 60 स्थानों पर स्पीड टेबल बनाए जाने के लिए चिन्हित किए गए हैं। नगर निगम द्वारा आईआरसी मानकों के अनुरूप स्पीड ब्रेकर का निर्माण बरसात के बाद शुरू कराया जाएगा। डीएम ने सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
469 ओवरलोड वाहनों पर चला कार्रवाई का चाबुक
एआरटीओ सतेंद्र कुमार ने बताया कि अप्रैल से जुलाई तक 469 ओवरलोड माल वाहनों के चालान किए गए, जबकि 278 वाहन निरुद्ध किए गए। कार्रवाई के दौरान 116.07 लाख रुपये शमन शुल्क जमा कराया गया।इसी अवधि में 222 स्कूली वाहनों के चालान किए गए और 160 वाहनों को विभिन्न थानों में निरुद्ध किया गया। पांच ओवरलोड स्कूली वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।डीएम ने व्यावसायिक गतिविधियों में इस्तेमाल हो रही ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को लेकर एआरटीओ को किसान यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके बाद नियमों के विपरीत व्यावसायिक उपयोग करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा।
813 स्कूल, 1,100 स्कूली वाहन... डीएम ने मांगी पूरी निगरानी
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पूरन सिंह ने बताया कि जिले में 813 विद्यालय हैं, जिनमें 219 विद्यालय स्कूली वाहनों का प्रयोग करते हैं। इन विद्यालयों में करीब 1,100 वाहन संचालित हो रहे हैं।अलीगढ़ डीएम अविनाश कुमार ने एसपी ट्रैफिक के माध्यम से सभी थानों को स्कूली वाहनों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि उनका सत्यापन और निगरानी प्रभावी ढंग से हो सके। 60 विद्यालयों में 18 वर्ष से कम आयु की छात्राओं द्वारा वाहनों के प्रयोग को लेकर नोटिस जारी किए गए हैं। इस मामले में एक सितंबर तक विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।
अवैध कट बंद होंगे, दौरऊ मोड़ पर कैमरे से होगी निगरानी
डीएम ने लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई के अधिकारियों को अवैध कट बंद कराने के निर्देश दिए। दौरऊ मोड़ पर एनपीआर कैमरा लगाए जाने की जानकारी मिलने पर उन्होंने कैमरे का कनेक्शन लिंक आईट्रिपलसी और एसपी ट्रैफिक को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।जट्टारी, बियर फैक्ट्री, गणेशपुर चौराहा, कलाई बंबा, अर्राना, गोमत, अंडला, खेड़ा नारायण सिंह, बौनेर तिराहा, खेरेश्वर चौराहा समेत विभिन्न ब्लैक स्पॉट पर सुधारात्मक कार्रवाई की समीक्षा की गई।
रामघाट रोड पर सड़क पर पार्किंग हुई तो होगी कार्रवाई
डीएम अविनाश कुमार ने रामघाट रोड के प्रतिष्ठानों, अस्पतालों, बैंक्वेट हॉल, नर्सिंग होम, रेस्टोरेंट और होटलों में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था अनिवार्य करने के निर्देश दिए। सड़क पर पार्किंग से यातायात बाधित होने और हादसों का खतरा बढ़ने पर उन्होंने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।तुलनात्मक समीक्षा में जुलाई 2025 की तुलना में जुलाई 2026 में सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों की संख्या में 7.69 प्रतिशत की कमी सामने आई। डीएम अविनाश कुमार ने कहा कि आंकड़ों में सुधार उत्साहजनक है, लेकिन लक्ष्य हर व्यक्ति की जिंदगी को सुरक्षित बनाना है। उन्होंने तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग, अवैध पार्किंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रखने के निर्देश दिए।