Aligarh News: जनपद गूंजेगा देशभक्ति से, 13 को तिरंगा रैली और धर्मसमाज में होगा तिरंगा कन्सर्ट

Aligarh News: अलीगढ़ में हर घर तिरंगा अभियान के तहत 13 अगस्त को भव्य तिरंगा रैली और धर्मसमाज कॉलेज में तिरंगा कन्सर्ट होगा। 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस मनाया जाएगा।

Update:2026-08-12 17:12 IST

Aligarh News

Aligarh News: स्वतंत्रता दिवस से पहले अलीगढ़ में देशभक्ति का माहौल अपने चरम पर होगा। ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत जिले में 9 से 17 अगस्त तक तीन चरणों में विभिन्न भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शासन के निर्देशों के क्रम में प्रशासन ने कार्यक्रमों का संशोधित शेड्यूल जारी कर दिया है।मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार ने बताया कि अभियान का सबसे बड़ा आकर्षण 13 अगस्त को होने वाली तिरंगा रैली और तिरंगा कन्सर्ट होगा।

13 अगस्त: सड़कों पर लहराएगा तिरंगा

गुरुवार सुबह 7:30 बजे सुभाष चौक से विशाल तिरंगा रैली निकाली जाएगी। हाथों में तिरंगा लिए स्कूली बच्चे, एनसीसी, एनएसएस, विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और आमजन इस रैली में शामिल होंगे। रैली सुभाष चौक से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कल्याण सिंह हेबिटेट सेंटर पर संपन्न होगी।प्रशासन ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रैली में शामिल होने की अपील की है, ताकि पूरे शहर में एकता और देशप्रेम का संदेश पहुंचे।

धर्मसमाज कॉलेज में होगा तिरंगा कन्सर्ट

रैली के बाद पूर्वाह्न 11 बजे तिरंगा कन्सर्ट का आयोजन किया जाएगा। पहले यह कन्सर्ट कल्याण सिंह हेबिटेट सेंटर में प्रस्तावित था, लेकिन जिलाधिकारी अविनाश कुमार के निर्देश पर अब इसका स्थान बदलकर धर्मसमाज डिग्री कॉलेज के प्रेक्षागृह में कर दिया गया है।कन्सर्ट में देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और वीर शहीदों को नमन किया जाएगा। कॉलेज के विशाल प्रेक्षागृह में आयोजन होने से अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सकेगा।

14 अगस्त: याद की जाएगी विभाजन की पीड़ा

अभियान के अगले दिन 14 अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे कल्याण सिंह हेबिटेट सेंटर में ‘विभाजन विभीषिका दिवस’ मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य 1947 के विभाजन के दौरान हुए विस्थापन, दर्द और संघर्ष की स्मृतियों को याद करना है। साथ ही देश की एकता, अखंडता और सामाजिक भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया जाएगा।कार्यक्रम में इतिहासकार, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन और छात्र-छात्राएं अपने विचार रखेंगे।मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रमों के लिए मंच, ध्वनि व्यवस्था, सुरक्षा, पेयजल और यातायात सहित सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को अपने घर पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति गौरव महसूस करने का अवसर है।प्रशासन ने अपील की है कि 9 से 17 अगस्त तक हर घर, हर दुकान और हर संस्थान पर तिरंगा फहराया जाए तथा सोशल मीडिया पर #HarGharTiranga के साथ तस्वीरें साझा की जाएं।अलीगढ़ इस बार तिरंगे की आभा से जगमगाने को तैयार है।

Tags:    

Similar News