Aligarh News: अलीगढ़ में 13 अगस्त को तिरंगा यात्रा, प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी होंगे शामिल
Aligarh News: अलीगढ़ में 13 अगस्त को तिरंगा यात्रा-2026 और तिरंगा कॉन्सर्ट का आयोजन होगा। प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी शहर और खैर में कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
Aligarh News
Aligarh News: आजादी के अमृत महोत्सव की तैयारियों के बीच अलीगढ़ में 13 अगस्त को तिरंगे का जोश और देशभक्ति का रंग देखने को मिलेगा। प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री तथा अलीगढ़ के प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी गुरुवार को अलीगढ़ के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह शहर में आयोजित तिरंगा यात्रा-2026 और तिरंगा कॉन्सर्ट सहित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रभारी मंत्री 13 अगस्त को सुबह मथुरा से प्रस्थान कर करीब 9:15 बजे अलीगढ़ पहुंचेंगे। इसके बाद सुबह 9:30 बजे से 10:30 बजे तक रामलीला ग्राउंड, अचल ताल से निकलने वाली तिरंगा यात्रा-2026 में शामिल होंगे। यह तिरंगा यात्रा रामलीला ग्राउंड से शुरू होकर गांधी आई हॉस्पिटल होते हुए सेंटर प्वाइंट तक जाएगी। कार्यक्रम के आयोजक भाजपा महानगर अध्यक्ष इंजीनियर राजीव शर्मा हैं।तिरंगा यात्रा के बाद प्रभारी मंत्री करीब 10:50 बजे डीएस डिग्री कॉलेज के सभागार पहुंचेंगे। यहां वह ‘तिरंगा कॉन्सर्ट’ कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से देशभक्ति के माहौल को और मजबूत करने के साथ युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया जाएगा।
इसके बाद प्रभारी मंत्री खैर के लिए रवाना होंगे। करीब 11:50 बजे वह तिरंगा चौक, खैर पहुंचेंगे, जहां दोपहर 1 बजे तक तिरंगा यात्रा-2026 में शामिल होंगे। खैर में यह यात्रा तिरंगा चौक से शुरू होकर मंडी गेट तक निकाली जाएगी। इस कार्यक्रम के आयोजक भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी कृष्णपाल सिंह हैं।दोनों स्थानों पर तिरंगा यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में उत्साह है। शहर से लेकर खैर तक राष्ट्रध्वज के साथ देशभक्ति का संदेश देने की तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रमों के बाद प्रभारी मंत्री अलीगढ़ से मथुरा के लिए प्रस्थान करेंगे।अलीगढ़ में 13 अगस्त को होने वाले इन आयोजनों के चलते शहर और खैर क्षेत्र में देशभक्ति से सराबोर माहौल देखने को मिलेगा।