Aligarh News: ईद-उल-अजहा को लेकर अलर्ट मोड पर प्रशासन, डीएम-एसएसपी ने की शांति समिति बैठक

Aligarh News: अलीगढ़ में ईद-उल-अजहा को शांतिपूर्ण बनाने के लिए डीएम और एसएसपी ने धर्मगुरुओं संग बैठक कर सुरक्षा, निगरानी और कानून व्यवस्था पर मंथन किया।

Update:2026-05-15 19:58 IST

 ईद-उल-अजहा को लेकर अलर्ट मोड पर प्रशासन, डीएम-एसएसपी ने की शांति समिति बैठक (Photo- Newstrack)

Aligarh News: जनपद में आगामी त्यौहार ईद-उल-अजहा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन के द्वारा प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, धर्मगुरुओं तथा विभिन्न समुदायों के संभ्रांत लोगों के साथ शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बैठक में डीएम अविनाश कुमार और एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने सभी समुदायों से त्योहार को पारंपरिक तरीके से आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा। कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

यातायात व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, धार्मिक स्थलों की हुई समीक्षा 

बैठक के दौरान यातायात व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, धार्मिक स्थलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए ताकि त्योहार के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एसएसपी ने बताया। कि संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। इसके अलावा लगातार पुलिस गश्त, ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखी जाएगी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी ताकि किसी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट से माहौल खराब न हो सके।

प्रशासन ने आमजन से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।इस दौरान एडीएम सिटी, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक देहात, पुलिस अधीक्षक यातायात सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News