Aligarh News: रोड पर धूल से राहत, खबर का असर, तीन बार पानी का छिड़काव, टैंकर व्यवस्था में दिक्कत
Aligarh News: अलीगढ़ के खैर-पलवल रोड पर धूल नियंत्रण के लिए पानी का छिड़काव शुरू, खबर का असर, राहगीरों को राहत
Aligarh News: जनपद के खैर-पलवल रोड स्थित हाईवे पर धूल की गंभीर समस्या को लेकर “न्यूज़ ट्रैक अपना भारत” द्वारा दो दिन पहले प्रकाशित खबर का बड़ा असर देखने को मिला है। प्रशासन हरकत में आया और सड़क पर धूल नियंत्रण के लिए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी गई। खैर-अलीगढ़-पलवल रोड पर उड़ती धूल से राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय दुकानदारों को लंबे समय से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस मुद्दे को मीडिया द्वारा प्रमुखता से उठाए जाने के बाद संबंधित विभाग ने तुरंत संज्ञान लेते हुए पानी के टैंकरों से छिड़काव शुरू कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह से लेकर अब तक तीन बार पानी के टैंकरों द्वारा सड़क पर छिड़काव किया जा चुका है। इससे धूल में काफी हद तक कमी आई है और राहगीरों व दुकानदारों को बड़ी राहत मिली है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले जहां हर समय धूल का गुबार बना रहता था, वहीं अब स्थिति में सुधार देखने को मिल रहा है। हालांकि, इस राहत के बीच एक नई समस्या भी सामने आई है। पानी के टैंकर चालकों को टैंकर में पानी भरने के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में पानी भरने की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें इधर-उधर भटकना पड़ रहा है, जिससे कार्य में बाधा आ रही है।
स्थानीय लोगों और टैंकर चालकों ने प्रशासन से मांग की है कि धूल नियंत्रण के साथ-साथ पानी भरने की भी उचित और स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि यह अभियान लगातार और प्रभावी रूप से चलता रहे। फिलहाल, खबर का असर साफ दिखाई दे रहा है, लेकिन अब आवश्यकता है कि प्रशासन इस व्यवस्था को स्थायी बनाए और संबंधित समस्याओं का जल्द समाधान करे।