Aligarh News: पंच सम्मेलन में रोजगार का रोडमैप, गांवों में 125 दिन काम और 300 रुपये मजदूरी का ऐलान
Aligarh News: अलीगढ़ में पंच सम्मेलन के दौरान गांवों में रोजगार को लेकर रोडमैप सामने आया। 125 दिन काम और 300 रुपये मजदूरी की जानकारी दी गई।
Aligarh News(Photo-Social Media)
Aligarh News: ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को विकास भवन के गांधी सभागार में विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन ग्रामीण (वीबी जीराम जी) के सफल क्रियान्वयन को लेकर ‘पंच सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती विजय सिंह की अध्यक्षता में आयोजित सम्मेलन में ब्लॉक प्रमुख, मुख्य विकास अधिकारी, बीडीओ और ग्राम प्रधानों ने हिस्सा लिया और योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा गांवों के समग्र विकास पर मंथन किया।
अलीगढ जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह ने ग्राम प्रधानों को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब गांवों की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और ग्रामीणों को रोजगार एवं आजीविका के पर्याप्त अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि असली भारत गांवों में बसता है। ग्राम प्रधान वर्ग, जाति और समुदाय की भावना से ऊपर उठकर योजनाओं को धरातल पर लागू करें। शासन-प्रशासन हर स्तर पर उनके साथ है। मुख्य विकास अधिकारी योगेन्द्र कुमार ने योजना से जुड़े सभी पक्षों की जानकारी ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि योजना को लेकर किसी भी प्रकार की शंका न रहे, इसके लिए ब्लॉकवार रोस्टर तैयार कर स्वतंत्रता दिवस के बाद प्रत्येक विकासखंड मुख्यालय पर ग्राम प्रधानों की कार्यशालाएं आयोजित की जाएं। उन्होंने सभी बीडीओ और ग्राम प्रधानों को पूरी पारदर्शिता के साथ योजना लागू करने तथा गांवों में स्थायी परिसंपत्तियों का सृजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सम्मेलन का संचालन करते हुए उपायुक्त वीबी जीराम जी सुभाष नेमा ने योजना की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जहां मनरेगा में 100 दिन के रोजगार का प्रावधान था, वहीं वीबी जीराम जी के तहत 125 दिन के रोजगार की गारंटी दी गई है। दैनिक मजदूरी बढ़ाकर 300 रुपये कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत अब 318 प्रकार के कार्य कराए जा सकेंगे। इनमें जल सुरक्षा से जुड़े 107, ग्रामीण आधारभूत संरचना के 91, ग्रामीण आजीविका के 85 और आपदा प्रबंधन से संबंधित 34 कार्य शामिल हैं। जिले में ग्राम पंचायतों को विभिन्न मानकों के आधार पर तीन श्रेणियों में बांटा गया है, हालांकि सभी ग्रामों में इच्छुक पात्र लोगों को 125 दिन के रोजगार की गारंटी दी गई है। उन्होंने बताया कि मनरेगा जॉब कार्डधारक, जिनकी ई-केवाईसी पूरी है, इस योजना में भी कार्य करने के पात्र होंगे। नए जॉब कार्ड के लिए आय प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं होगी और योजना के तहत 18 दिन में भुगतान का प्रावधान किया गया है।