Aligarh News: पुलिस की मुठभेड़ में गौकशी के 3 आरोपी गिरफ्तार, तमंचे-कारतूस बरामद
Aligarh News: अलीगढ़ पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गौकशी के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से तमंचे, कारतूस और अन्य सामान बरामद किया गया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
Aligarh News(Photo-Social Media)
Aligarh News: जिले के थाना टप्पल क्षेत्र में गौकशी की घटना में फरार चल रहे आरोपियों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। टप्पल पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उन्हें दबोच लिया गया।
खैर क्षेत्राधिकारी संजीव कुमार तोमर ने बताया कि 2 जून 2026 को थाना टप्पल क्षेत्र के गांव कुराना में एक किसान के खेत में गौकशी की घटना सामने आई थी। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस को सूचना मिली कि घटना से जुड़े आरोपी थाना टप्पल क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की, तभी दो गाड़ियों में सवार आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई के बाद तीन आरोपियों मुनीम उर्फ मंत्री, तसलीम और भूरा को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, एक सैंट्रो कार और गौकशी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गांव कुराना के पास गौकशी की घटना को अंजाम दिया था और गौमांस को दिल्ली में बेच दिया था। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने मुठभेड़ और अवैध हथियार रखने के मामले में भी थाना टप्पल पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें गौवध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे शामिल हैं।