अलीगढ़ में मोबाइल लूटकर भागे तीन आरोपी गिरफ्तार, लूटा गया फोन और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद
Aligarh News: अलीगढ़ के अनूपशहर रोड पर युवक से मोबाइल लूटने वाले तीन आरोपियों को जवां पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की गई।
Aligarh News: जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जवां पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने अनूपशहर रोड पर युवक से मोबाइल फोन लूटने की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है। गिरफ्तार तीनों आरोपी थाना क्वार्सी क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार, 27 नवंबर 2026 को अनूपशहर रोड स्थित ग्रीन गार्डन के पास आरोपियों ने एक युवक को निशाना बनाते हुए उसका मोबाइल फोन लूट लिया था। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर थाना जवां में मुकदमा अपराध संख्या 440/26 के तहत शुरुआत में धारा 303(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई थी।
अलीगढ जवां थाना पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को थाना क्षेत्र जवां से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फरमान पुत्र फिरोज निवासी सलीम की पुलिया, मदरसे के पास थाना क्वार्सी, इमरान पुत्र जाहिद निवासी रजा नगर गली नंबर पांच थाना क्वार्सी और समीर पुत्र रियासत अली निवासी केला नगर वेगपुर गली नंबर तीन थाना क्वार्सी, अलीगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया एक मोबाइल फोन बरामद किया है। इसके अलावा घटना को अंजाम देने में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने अपने कब्जे में ली है। बरामदगी और विवेचना के आधार पर मुकदमे में धारा 309(4), 3(5) और 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना जवां के थानाध्यक्ष मनिन्द्र सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रामकुमार, हेड कांस्टेबल राजकुमार, कांस्टेबल रंजीत कुमार, प्रवेश कुमार और विवेक प्रताप शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल लूट की घटना का खुलासा हुआ है। वहीं, पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।