Auraiya News: तालाब में डूबने से युवक की मौत, तीन घंटे की मशक्कत के बाद शव बरामद
Auraiya News: फफूंद थाना क्षेत्र के केशमपुर गांव में पैर फिसलने से युवक तालाब में डूब गया। तीन घंटे की मशक्कत, जेसीबी और ग्रामीणों की मदद से शव बरामद हुआ।
Auraiya News: औरैया के फफूंद थाना क्षेत्र के केशमपुर गांव में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां तालाब में डूबने से 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। करीब तीन घंटे तक चले खोजबीन अभियान के बाद पुलिस और ग्रामीणों की मदद से युवक का शव तालाब से बाहर निकाला गया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, केशमपुर निवासी दिनेश राजपूत पुत्र वीरेंद्र राजपूत दोपहर लगभग दो बजे गांव के पास स्थित तालाब के किनारे पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह तालाब के किनारे बैठा हुआ था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते युवक पानी में डूबने लगा।
गांव के तालाब में डूबने से युवक की मौत
युवक को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तालाब में वर्षों से सफाई न होने के कारण फैली जलकुंभी और दलदल ने राहत कार्य में बाधा उत्पन्न कर दी। इसी वजह से कोई भी व्यक्ति अधिक अंदर तक नहीं जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ अजीतमल मनोज गंगवार और थाना प्रभारी अजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तत्काल युवक की तलाश शुरू कराई। खोजबीन के दौरान दलदल और जलकुंभी के कारण तलाश में जुटे लोग भी पानी में फंसने लगे, जिससे अभियान और चुनौतीपूर्ण हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जेसीबी मशीन मंगवाकर तालाब का पानी दूसरे तालाब में निकालने की व्यवस्था कराई। इसके साथ ही ग्राम प्रधान राजेश पाल और सिंदुरिया पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि सुधीर राजपूत ने भी ट्यूब तथा अन्य संसाधनों की मदद से खोज अभियान में सहयोग किया।
युवक का शव तालाब से बाहर निकाला गया
आखिरकार भरथपुर निवासी रिंकू और मसराम ने साहस का परिचय देते हुए तालाब में घुसकर डोंगिया में बैठकर बांस के सहारे युवक की तलाश की। उनकी मेहनत रंग लाई और युवक का शव तालाब से बाहर निकाल लिया गया। ग्रामीणों और पुलिस अधिकारियों ने दोनों की बहादुरी की सराहना की। घटना से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।