UP Election 2022 : अखिलेश आज करहल सीट से करेंगे नामांकन दाखिल, CM योगी आगरा में गरजेंगे, तो जयंत अलीगढ़ में

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव मैनपुरी जिले की करहल विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में हैं। आज 31 जनवरी को वह अपना नामांकन दाखिल करने मैनपुरी में रहेंगे। अखिलेश आज कलेक्ट्रेट पर पहुंचकर नामांकन दाखिल करेंगे।

Written By :  aman
Update: 2022-01-31 04:13 GMT

yogi akhilesh jayant

UP Election 2022 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले और दूसरे चरण के मतदान से पहले सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। पश्चिमी यूपी में इन नेताओं का प्रचार अभियान पूरे जोर-शोर से चल रहा है। इसी क्रम में आज सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगरा में भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे और वोट मांगेंगे। इसी तरह समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज अपने पैतृक जिले मैनपुरी में होंगे। अखिलेश यादव आज मैनपुरी की करहल सीट से नामांकन दाखिल करेंगे।  

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव मैनपुरी जिले की करहल विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में हैं। आज 31 जनवरी को वह अपना नामांकन दाखिल करने मैनपुरी में रहेंगे। अखिलेश आज कलेक्ट्रेट पर पहुंचकर नामांकन दाखिल करेंगे। अखिलेश यादव के जिले में होने से एक तरफ जहां सपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है, वहीं स्थानीय प्रशासन सतर्क है।

अखिलेश पहली बार लड़ रहे विधानसभा चुनाव 

गौरतलब है, कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने मैनपुरी के करहल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा बीते दिनों की थी। बता दें कि मैनपुरी में तीसरे चरण में मतदान होने हैं। यहां 20 फरवरी 2022 को वोटिंग होगी। इसके लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है। आज इसी के मद्देनजर अखिलेश यादव का नामांकन कार्यक्रम प्रस्तावित है।

सीएम योगी आज आगरा में मांगेंगे वोट 

वहीं, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सोमवार को ताजनगरी आगरा में होंगे। सीएम योगी आगरा के फतेहपुर सीकरी, एत्मादपुर और फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। मुख्यमंत्री योगी किरावली, शमसाबाद और आंवलखेड़ा में मतदाताओं के लिए छोटी सभाएं करेंगे। वहीं, वोटर्स से संवाद के अलावा वो घर-घर जाकर वोट भी मांगेंगे।

आज दोपहर पहुंचेंगे आगरा 

याद रहे, कि विधानसभा चुनाव के पहले चरण में यानी 10 फरवरी 2022 को जिले की नौ विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। ऐसे में आगरा तीन विधानसभा सीटों पर मतदाताओं को लुभाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज दोपहर लखनऊ से खेरिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से हेलीकॉप्टर से पहले किरावली जाएंगे, फिर रघुनाथ महाविद्यालय में कार्यक्रम में शामिल होंगे।  

यहां होगी सीएम योगी की सभा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किरावली के रामवीर खेल मैदान पर फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के मतदाताओं के लिए छोटी सभा करेंगे। बीजेपी द्वारा आयोजित 'प्रभावी मतदाता संवाद' में भी शामिल होंगे। फिर दोपहर में 1.15 से 2.15 बजे तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वीडियो कॉन्फ्रेंस से जुड़ेंगे। 

फतेहाबाद में भी सीएम की सभा

जिला प्रशासन के अनुसार दोपहर ढाई बजे मुख्यमंत्री योगी  आदित्यनाथ हेलीकॉप्टर के जरिए शमसाबाद स्थित जीआर कॉस्मिक स्कूल जाएंगे। यहां फतेहाबाद क्षेत्र से उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार सभा में शामिल होंगे। साथ ही, मतदाताओं से संवाद भी होगा। चार बजे के करीब मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से एत्मादपुर क्षेत्र के आवल खेड़ा जाएंगे। आवल खेड़ा बाजार के पास मैदान में सीएम योगी की सभा आयोजित होगी। सीएम आदित्यनाथ के दौरे को लेकर पुलिस-प्रशासन चुस्त है। 

ये नेता आज यहां होंगे 

इसी तरह आज उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रभारी राधा मोहन सिंह नोएडा, बुलंदशहर और अलीगढ़ दौरे पर रहेंगे। जबकि, यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह सोमवार को मथुरा में संगठनात्मक बैठकें करेंगे। राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष जयंत चौधरी आज अलीगढ़ में चुनावी दौरा करेंगे। 

Tags:    

Similar News