Ayodhya Ram Mandir: प्राण प्रतिष्ठा का समय घोषित, 22 जनवरी की दोपहर 12:20 बजे होगा आयोजन...आज 14 कोसी परिक्रमा

Ayodhya Ram Mandir: रामनगरी में 22 जनवरी को अभिजीत मुहूर्त मृगषिरा नक्षत्र में पीएम मोदीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा करेंगे। इस समारोह को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप देने के लिए साकेत निलयम में संघ परिवार की बैठक हुई।

Report :  aman
Update:2023-11-20 15:44 IST

PM Modi (Social Media)

Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या में 22 जनवरी, 2024 को अभिजीत मुहूर्त मृगषिरा नक्षत्र में दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) रामलला की प्राण प्रतिष्ठा (Ram Lala Pran Pratishtha) करेंगे। आपको बता दें कि, इस समारोह को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप देने के लिए साकेत निलयम (Saket Nilayam) में संघ परिवार की बैठक हुई। समारोह अभियान को चार चरणों में बांटा गया है। तैयारियों को आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया है।

गौरतलब है कि, इसका पहला चरण रविवार से शुरू हो चुका है, जो 20 दिसंबर तक चलेगा। इसमें समारोह की कार्ययोजना की रूपरेखा तैयार की जाएगी। इसके लिए छोटी-छोटी संचालन समितियां बनाई जाएंगी। जिला और खंड स्तर पर 10-10 लोगों की टोली बनाने पर भी सहमति बनी है।

राम मंदिर आंदोलन के कारसेवक होंगे शामिल 

इन टोलियों में राम मंदिर आंदोलन के कारसेवकों को भी शामिल किया जाएगा। टोलियां 250 जगहों पर बैठक कर समारोह से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने की अपील करेंगी। वहीं, दूसरा चरण 01 जनवरी 2024 से शुरू होगा। इसमें घर-घर संपर्क योजना के तहत 10 करोड़ परिवारों में पूजित अक्षत, रामलला के विग्रह का चित्र व एक पत्रक दिया जाएगा।

दीपोत्सव की होगी अपील

इसके जरिए लोगों से समारोह के दिन दीपोत्सव (Deepotsav) मनाने की अपील की जाएगी। 22 जनवरी को तीसरे चरण में रखा गया है। उस दिन पूरे देश में उत्सव हो और घर-घर अनुष्ठान हों। ऐसा माहौल बनाने का प्रयास किया जाएगा। चौथे चरण में देशभर के भक्तों को रामलला के दर्शन कराने की भी योजना है। ये चरण गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) से शुरू होकर 22 फरवरी तक चलेगा। ये अभियान प्रांतवार चलाया जाएगा। अवध प्रांत के कार्यकर्ताओं को 31 जनवरी और 01 फरवरी, 2024 को दर्शन कराने पर योजना है।

आज होगी 14 कोसी परिक्रमा

रामनगरी की 14 कोसी परिक्रमा आज (20 नवंबर) की रात 2 बाझाकर 09 मिनट से शुरू होगी। परिक्रमा में करीब 42 किलोमीटर का रास्ता तय करना होगा। इसके लिए सड़कों और चौराहों को दुरुस्त किया गया है। धूल न उठे इसके लिए पानी का छिड़काव हो रहा है। राज्य सरकार ने बसों के फेरे बढ़ा दिए हैं। अस्थायी बस अड्डा भी बनाया गया है। साथ ही, मठ-मंदिर सजकर तैयार हैं।

राजधानी लखनऊ की ओर से आने वाले भक्त सहादतगंज परिक्रमा मार्ग और फैजाबाद बस स्टेशन पहुंचेंगे। बाईपास से सभी अयोध्या के लिए रवाना होंगे। ट्रेन से आने वाले अयोध्या कैंट पहुंचेंगे। यहां से वे अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पहुंच सकते हैं। बता दें, ये परिक्रमा 21 नवंबर की रात 11:38 बजे समाप्त होगी।

Tags:    

Similar News