Azamgarh News: आजमगढ़ में मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 250 किलो मिठाई नष्ट

Azamgarh News: आजमगढ़ में मिलावटखोरी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापेमारी की। टीम ने आठ खाद्य पदार्थों के नमूने लिए और अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार 250 किलो मिठाई नष्ट कराई।

Update:2026-08-22 19:39 IST

Azamgarh News

Azamgarh News: आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी आजमगढ़ के निर्देश पर विभागीय टीमों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के आठ नमूने संग्रहित किए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।श्रावण मास और रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट और अस्वच्छता के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। अभियान के दौरान रामपुर मुसेपुर स्थित एक मिठाई निर्माण इकाई का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान टीम ने डोडा बर्फी, मिल्क केक, सूजी और एक अपमिश्रक के नमूने लिए। निरीक्षण में मिठाइयों के निर्माण में स्वच्छता मानकों का पालन नहीं किया जाना सामने आया।

इसके बाद अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार करीब 250 किलोग्राम मिठाइयों को जब्त कर नष्ट करा दिया गया। इन मिठाइयों की अनुमानित कीमत करीब 62,500 रुपये बताई गई है।इसी क्रम में बूढ़नपुर क्षेत्र के दो मिठाई प्रतिष्ठानों से छेना मिठाई और कालाजाम के नमूने लिए गए। गंभीरपुर क्षेत्र से रिफाइंड सोयाबीन ऑयल तथा सगड़ी क्षेत्र से दूध का नमूना भी संग्रहित किया गया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, सभी नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान के साथ ही विभाग ने लोगों और विद्यार्थियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं मिलावट के प्रति जागरूक करने की दिशा में भी पहल की।खाद्य सचल प्रयोगशाला के माध्यम से इंग्लिश मीडियम प्राइमरी स्कूल कंधरापुर, कंपोजिट विद्यालय गोरिया, बिलरियागंज और प्राथमिक विद्यालय अमोड़ा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों और रसोइयों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पहचानने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा मिलावटी खाद्य सामग्री से बचने के उपाय बताए गए।

सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय, आजमगढ़, सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि श्रावण मास और रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए जिले में छापेमारी और नमूना संग्रह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों का भंडारण एवं विक्रय खुले या अस्वच्छ स्थानों पर नहीं करने तथा निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए।अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रजनीश कुमार, सुचित प्रसाद, शीत कुमार सिंह, लालमणि यादव, गोविंद यादव, वीरेंद्र यादव, राजीव कुमार सिंह और बेबी सोनम शामिल रहे।

Tags:    

Similar News