Azamgarh News: वोट के अधिकार से लोकतांत्रिक तरीके से हो सकता है सत्ता परिवर्तन: कुंवर फतेह बहादुर

Azamgarh News: आजमगढ़ के मुइया मखदुमपुर गांव में आयोजित प्रबुद्ध जन सम्मेलन में पूर्व वरिष्ठ आईएएस कुंवर फतेह बहादुर ने कहा कि संविधान में मिले वोट के अधिकार के जरिए लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता परिवर्तन किया जा सकता है।

Update:2026-08-24 19:58 IST

Azamgarh News

Azamgarh News: रानी की सराय ब्लॉक क्षेत्र के मुइया मखदुमपुर गांव में सामाजिक संस्था बहुजन भारत के तत्वावधान में प्रबुद्ध जन सम्मेलन एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के आयोजक लालधर भारती रहे, जबकि संचालन लालसाराम ने किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बहुजन भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व वरिष्ठ आईएएस अधिकारी कुंवर फतेह बहादुर ने कहा कि संविधान में नागरिकों को वोट देने का अधिकार दिया गया है और इसी अधिकार के माध्यम से सत्ता परिवर्तन किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि संविधान बनने के समय भी कुछ लोगों ने इसका विरोध किया था, जबकि कुछ लोग इसके निर्माण के पक्ष में थे। उन्होंने कहा कि आज भी संविधान को लेकर वही वैचारिक मतभेद अलग-अलग रूपों में दिखाई देते हैं।उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि चुनाव के दौरान संविधान में बदलाव को लेकर तरह-तरह की बातें कही गई थीं। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज को परिस्थितियों से संघर्ष करते हुए एकजुट होना होगा और संविधान में मिले वोट के अधिकार का इस्तेमाल कर लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता परिवर्तन करना होगा।

विशिष्ट अतिथि समाजसेवी अनुरुद्ध सिंह ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान प्रस्तुत करते समय यह स्पष्ट किया था कि संविधान को लागू करने वालों की नीयत और मंशा अच्छी होगी तो संविधान बेहतर साबित होगा। उन्होंने कहा कि संविधान का संचालन वही करता है जो सत्ता में रहता है, चाहे केंद्र सरकार हो या उत्तर प्रदेश की सरकार।उन्होंने कहा कि मान्यवर कांशीराम ने सत्ता को ‘मास्टर चाबी’ बताया था। बाबा साहब ने संविधान में वोट के अधिकार के माध्यम से सत्ता परिवर्तन की व्यवस्था की है। इसलिए लोकतंत्र में मतदान के अधिकार का महत्व समझना जरूरी है।कार्यक्रम में सेवानिवृत्त उपसचिव देवचंद राम, सेवानिवृत्त एडीएम तुलसीराम, राजबली राम, रामा राजभर, राजकुमार यादव, त्रिभुवन राम, बुद्धिराम बौद्ध, राम नवल, राम रतन, दिलीप सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News