Azamgarh News : पुलिस महकमे में हड़कंप! हिस्ट्रीशीटर निगरानी में लापरवाही पर दरोगा सस्पेंड
Azamgarh News : आजमगढ़ में एसएसपी ने लापरवाही के आरोप में उपनिरीक्षक को निलंबित किया, विभागीय जांच के आदेश से पुलिस महकमे में हलचल।
Azamgarh News
Azamgarh News: 10 जून आजमगढ़ जनपद मे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना कोतवाली पर तैनात एक उपनिरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाब देही सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की नियमित समीक्षा के दौरान संबंधित उपनिरीक्षक के कार्यों में गंभीर लापरवाही सामने आई। जांच में पाया गया कि उन्होंने एक हिस्ट्रीशीटर की निगरानी में अपेक्षित रुचि नहीं ली तथा उससे संबंधित सामान्य डायरी (जीडी) और फ्लाईशीट में आवश्यक प्रविष्टियां भी नहीं कीं।
इसके अलावा विभिन्न गंभीर मामलों में प्रभावी कार्रवाई न करने, मांगे गए स्पष्टीकरण का जवाब प्रस्तुत न करने तथा साइबर हेल्प डेस्क पर 30 से अधिक लंबित प्रार्थना पत्रों के निस्तारण में उदासीनता बरतने के तथ्य भी प्रकाश में आए।एसएसपी ने इसे पदीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता, उदासीनता और स्वेच्छाचारिता मानते हुए संबंधित उपनिरीक्षक को तत्काल निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और जवाबदेही के साथ करें।ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या आदेशों की अवहेलना पाए जाने पर कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और बेहतर पुलिस सेवा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है किसी प्रकार की लापरवाही करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।