Azamgarh News: अज्ञात हमलावरों ने सो रहे वृद्ध की धारदार हथियार से गला रेतकर की हत्या
Azamgarh News: शेखपुरा गांव में घर के बाहर सो रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग की धारदार हथियार से हत्या, पुलिस ने चार टीमें गठित कर जांच तेज की।
अज्ञात हमलावरों ने सो रहे वृद्ध की धारदार हथियार से गला रेतकर की हत्या (Photo- Newstrack)
Azamgarh News: आजमगढ़ शहर कोतवाली क्षेत्र के शेखपुरा गांव में गुरुवार सुबह एक वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह लोगों ने देखा एक बुजुर्ग की गला रेतकर हत्या कर दी गई है। घटना के बाद आसपास के लोगो की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र के शेखपुरा गांव निवासी मृतक भुवाल चौहान (65) पुत्र हरदेव चौहान रोज की तरह घर के बाहरी हिस्से में बने कमरे में सो रहे थे। गुरुवार सुबह जब परिवार के लोग उन्हें जगाने पहुंचे तो वह बिस्तर पर लहूलुहान अवस्था में पड़े मिले।
उनके गले पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान थे। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को भी सूचना दी गई। इसके बाद फॉरेंसिक टीम, फील्ड यूनिट तथा डॉग स्क्वायड को बुलाकर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया गया।
पुलिस ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण सुराग एकत्र किए हैं। क्षेत्राधिकारी नगर (सीओ सिटी) शुभम तोंडी ने बताया कि घटना स्थल का निरीक्षण किया गया है। फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और अन्य विशेषज्ञ टीमों द्वारा गहन जांच की जा रही है। परिजनों तथा आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों और संभावित आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हत्या के खुलासे के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज हो गया है।
रात के अंधेरे में घर के पास सो रहे बुजुर्ग की निर्मम हत्या से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।