Azamgarh News: निमंत्रण से लौट रहे बाइक सवार तीन युवकों को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, एक की मौत

Azamgarh News: लालगंज में निमंत्रण से लौट रहे तीन बाइक सवार युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। एक की मौत हो गई, जबकि दो घायल वाराणसी रेफर किए गए।

Update:2026-06-11 16:44 IST

निमंत्रण से लौट रहे बाइक सवार तीन युवकों को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, एक की मौत (मृतक की फाइल फोटो) (Photo- Newstrack)

Azamgarh News: आजमगढ़ जनपद के देवगांव कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लालगंज कस्बे में बुधवार देर रात नेशनल हाईवे पर लालगंज के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे तीनो लोग घायल हो गये। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां मनोज सोनकर को चिकित्सको ने मृत घोषित कर दिया।

बाकी लोगों का इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक मनोज सोनकर (37) पुत्र मिठाईलाल निवासी वार्ड नंबर-11 लालगंज का निवासी है। मनोज लालगंज स्थित इंडियन गैस गोदाम में गोदाम इंचार्ज के पद पर कार्यरत था।

बताया जा रहा है कि वह अपने दो साथियों नागेंद्र यादव और धर्मेंद्र सोनकर के साथ गंभीरपुर थाना क्षेत्र में आयोजित एक निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम से वापस लौटते समय देर रात जैसे ही उनकी बाइक लालगंज स्थित जिओ पेट्रोल पंप के समीप पहुंची, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।

सड़क दुर्घटना में तीन घायल 

टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। देर रात होने के कारण काफी समय तक तीनों सड़क पर ही पड़े रहे। बाद में राहगीरों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद मनोज सोनकर को मृत घोषित कर दिया, जबकि नागेंद्र यादव और धर्मेंद्र सोनकर की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। दोनों घायलों का इलाज वाराणसी में चल रहा है।

इलाज के दौरान एक की मौत 

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। मनोज की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर लालगंज कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई है।

Tags:    

Similar News